'नई नवेली' का नया गाना 'फटा पटाखा' रिलीज

img

आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा की अपकमिंग फिल्म 'नई नवेली' इन दिनों अपने अनोखे फैंटेसी वर्ल्ड को लेकर चर्चा में है। फिल्म के मेकर्स ने मंगलवार को इसका नया गाना 'फटा पटाखा' रिलीज कर दिया है। गाने में यामी गौतम धर बिल्कुल अलग और मस्ती भरे अंदाज में नजर आ रही हैं। खास बात यह है कि इस हाई-एनर्जी ट्रैक में यामी के साथ एक अनोखी जॉम्बी डांस पार्टी देखने को मिल रही है, जो गाने को और मजेदार बनाती है। 'फटा पटाखा' को सिंगर मधुबंती बागची ने गाया है। गाने को जी. वी. प्रकाश कुमार ने कंपोज और प्रोड्यूस किया है, जबकि इसके बोल वायु ने लिखे हैं। विजय गांगुली ने गाने की कोरियोग्राफी की है। गाने में जबरदस्त बीट्स और बड़े लेवल की कोरियोग्राफी देखने को मिल रही है। फिल्म की फैंटेसी दुनिया को यह गाना एक अलग और मजेदार म्यूजिकल ट्विस्ट देता है।

गाने को लेकर मधुबंती बागची ने कहा, '''फटा पटाखा' पूरी तरह से बिना किसी रोक-टोक वाली मस्ती और एनर्जी से भरा हुआ है। इसमें ह्यूमर के साथ जबरदस्त ऊर्जा है। इस गाने की रिकॉर्डिंग मेरे लिए बेहद मजेदार अनुभव रहा, क्योंकि इसका अंदाज काफी बड़ा और खास है। इसमें शरारत और हाई-एनर्जी का ऐसा मेल है, जो इसे अलग बनाता है।'' मधुबंती ने आगे कहा, ''जी. वी. प्रकाश कुमार और वायु की क्रिएटिव जोड़ी ने इस गाने को मेरे लिए बेहद खास बना दिया। ये मेरे लिए अब तक रिकॉर्ड किए गए सबसे रोमांचक गानों में से एक है। मैं यह देखने के लिए काफी उत्साहित हूं कि लोग इस गाने पर डांस करते हैं।''

वहीं, गाने के कंपोजर जी. वी. प्रकाश कुमार ने कहा, ''मुझे 'फटा पटाखा' के जरिए बिल्कुल अलग तरह की म्यूजिक दुनिया के साथ प्रयोग करने का मौका मिला। फिल्म की अनोखी और थोड़ी अजीब-सी दुनिया को ऐसे गाने में बदलना था, जो सुनते ही जश्न जैसा महसूस हो।'' जी. वी. प्रकाश कुमार ने कहा, ''मैं चाहता था कि गाने में एक ऐसी एनर्जी हो, जो सुनने के बाद लंबे समय तक लोगों के साथ रहे। इसके साथ ही मैं फिल्म के अनोखे अंदाज को भी बनाए रखना चाहता था। वायु के बोल और मधुबंती की आवाज ने गाने को वही शरारती और बेफिक्र अंदाज दिया, जिसकी जरूरत थी। वहीं, यामी गौतम के परफॉर्मेंस ने गाने की एनर्जी को अलग स्तर पर पहुंचा दिया है।''

'नई नवेली' में यामी गौतम धर लीड रोल में हैं और फिल्म में उनका एक बिल्कुल नया अवतार देखने को मिलेगा। यह एक फैंटेसी फैमिली एंटरटेनर है, जिसे बालाजी मोहन ने डायरेक्ट किया है। फिल्म की कहानी हिमांशु शर्मा और दिव्य निधि शर्मा ने लिखी है। फिल्म में यामी के अलावा आदिनाथ एम. कोठारे, अनुराग ठाकुर, सुनीता राजवर, मीता वशिष्ठ, आदित्य कुलश्रेष्ठ, सुष्मिता मुखर्जी, प्रतीक पचोरी, अक्षत सिंह, बबीता पांडे, अजय पाल और नीरज सिंह भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। 'नई नवेली' 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement