भारतीय और पाक जहाजों की टक्कर के संबंध में पाकिस्तान के आरोपों को भारत ने किया खारिज

img

नई दिल्ली, शुक्रवार, 18 सितंबर 2026। भारत ने अरब सागर में एक पाकिस्तानी जहाज और भारतीय नौसेना के युद्धपोत के बीच हुई टक्कर के बारे में इस्लामाबाद के आरोपों को शुक्रवार को पूरी तरह खारिज कर दिया। नयी दिल्ली ने बुधवार को पाकिस्तान के दूतावास प्रभारी को तलब किया था और पाकिस्तानी नौसेना के जहाज के ‘अस्वीकार्य व्यवहार’ पर कड़ा विरोध दर्ज कराया, जिसके कारण यह टक्कर हुई। भारतीय पक्ष के अनुसार, यह घटना मंगलवार रात को हुई जब पाकिस्तानी जहाज उत्तरी अरब सागर में नियमित निगरानी मिशन पर तैनात भारतीय नौसेना के अग्रिम मोर्चे के युद्धपोत के करीब आ गया। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने आरोप लगाया था कि यह घटना पाकिस्तान के विशेष आर्थिक क्षेत्र (एसईजेड) में भारतीय जहाज की ‘बेहद उकसावे वाली और अस्वीकार्य कार्रवाई’ के बाद हुई।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने अपनी नियमित प्रेस वार्ता में कहा, ‘‘हमारे जताये गए विरोध पर हमने पाकिस्तान की प्रतिक्रिया देखी है। यह वही टालमटोल वाला रवैया है जिसकी हमें उम्मीद थी। हम उसमें शामिल आरोपों और आक्षेपों को खारिज करते हैं।’’ उन्होंने कहा कि भारतीय जहाज आईएनएस कोलकाता पश्चिमी अरब सागर में नियमित तैनाती पर था, तभी पाकिस्तानी नौसेना के जहाज ‘हुनैन’ ने समुद्र में ‘अस्वीकार्य और गैर-पेशेवर तरीके’ से व्यवहार किया, जिसके परिणामस्वरूप टक्कर हुई।

जायसवाल ने कहा, ‘‘पीएनएस हुनैन द्वारा खतरनाक तरीके से ओवरटेक करने का कदम, अप्रैल 1991 में भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्याभ्यास, युद्धाभ्यास और सैनिकों की आवाजाही के बारे में अग्रिम सूचना देने के लिए हुए समझौते के अनुच्छेद 10 का गंभीर उल्लंघन था। इस अनुच्छेद में कहा गया है कि समुद्र में नौसेना की इकाइयां एक-दूसरे से तीन नॉटिकल मील से कम दूरी पर नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा, पाकिस्तानी जहाज ने समुद्र में टक्कर रोकने के अंतरराष्ट्रीय नियमों का भी उल्लंघन किया।’’ उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी पक्ष को एक बार फिर ‘सलाह’ दी गई है कि उसकी सभी सैन्य इकाइयां (पोत आदि) सावधानी बरतें और ऐसी घटनाओं को दोबारा होने से रोकने के लिए दोनों पक्षों के बीच संबंधित समझौतों के प्रावधानों का सम्मान करें। जायसवाल ने कहा कि इस घटना में आईएनएस कोलकाता को कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ और वह समुद्र में ही तैनात है।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement