पानीहाटी निकाय के पूर्व प्रमुख पर प्रदर्शनकारियों ने ईंट-पत्थर फेंके, कई पुलिसकर्मी घायल

img

कोलकाता, शुक्रवार, 04 सितंबर 2026। उत्तर 24 परगना जिले में प्रदर्शनकारियों ने आरजी कर अस्पताल दुष्कर्म-हत्या मामले की पीड़िता के शव का 2024 में जल्दबाजी में दाह संस्कार कराने के आरोप में गिरफ्तार पानीहाटी नगर निकाय के पूर्व प्रमुख सोमनाथ डे पर ईंट-पत्थर और अंडे फेंके, जिससे कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

महीनों से फरार तृणमूल कांग्रेस नेता डे को एक दिन पहले बेंगलुरु से गिरफ्तार किया गया था। उन्हें खरदाह थाने लाए जाने की जानकारी मिलने पर थाने के बाहर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। अधिकारी ने बताया कि जब डे को उनके सिर पर हेलमेट पहनाकर थाने से बाहर ले जाया जा रहा था, तब भीड़ ने उन पर कच्चे अंडे, ईंट और पत्थर फेंके। उन्होंने कहा, ‘‘आरोपी को भीड़ से बचाने की कोशिश में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।’’  अधिकारी ने बताया कि डे को तुरंत पुलिस वाहन में बैठाकर बैरकपुर की अदालत ले जाया गया। पुलिस ने आरजी कर की चिकित्सक की जल्दबाजी में अंत्येष्टि कराने और सबूत नष्ट करने के आरोपों के संबंध में पूछताछ के लिए डे की हिरासत का अनुरोध किया है।

आरजी कर अस्पताल की प्रशिक्षु चिकित्सक का शव नौ अगस्त 2024 की सुबह सरकारी अस्पताल के एक सम्मेलन कक्ष में मिला था और बाद में जांच में सामने आया कि उसके साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दी गई थी। पीड़िता की कथित तौर पर जल्दबाजी में अंत्येष्टि कराने को लेकर खरदाह थाने में अलग मामला दर्ज किया गया था। इस मामले के अन्य आरोपी पानीहाटी के पूर्व विधायक निर्मल घोष और पूर्व पार्षद संजीब मुखोपाध्याय पहले से जेल में हैं। इससे पहले घोष और मुखोपाध्याय को थाने लाए जाने के दौरान भी ऐसी ही घटना हुई थी। प्रदर्शन के दौरान दोनों घायल हो गए थे और मुखोपाध्याय को बाद में आंख का ऑपरेशन कराना पड़ा था।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement