पूर्वी राजस्थान में भारी से अति भारी बारिश, सवाई माधोपुर के खंडार में 130 मिमी वर्षा
जयपुर, शुक्रवार, 04 सितंबर 2026। राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में पिछले 24 घंटे के दौरान कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश हुई। इस दौरान सवाई माधोपुर के खंडार में सबसे अधिक 130 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम केंद्र जयपुर ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। मौसम विभाग के अनुसार, इस अवधि में अलवर, भरतपुर, डीग, दौसा, धौलपुर, जयपुर, सीकर, भीलवाड़ा, अजमेर, करौली, टोंक, बारां, कोटा और झालावाड़ जिलों में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। वहीं, पश्चिमी राजस्थान में अधिकांश स्थानों पर मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहा। मौसम विभाग ने बताया कि शुक्रवार और शनिवार को पूर्वी तथा दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में अलग-अलग स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है।
वर्तमान में एक स्पष्ट निम्न दबाव का क्षेत्र उत्तरी मध्य प्रदेश और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना हुआ है। वहीं, मानसून की अक्षीय रेखा श्रीगंगानगर और निम्न दबाव वाले क्षेत्र से होकर गुजर रही है। विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, शुक्रवार को भरतपुर, जयपुर, अजमेर और कोटा संभागों तथा शेखावाटी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। कोटा संभाग में कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है।
शनिवार को भरतपुर और कोटा संभागों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है, जबकि एक-दो स्थानों पर अति भारी बारिश होने की भी संभावना है। जयपुर, अजमेर, उदयपुर और बीकानेर संभागों के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने कहा कि छह-सात सितंबर से भारी बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है, हालांकि भरतपुर, जयपुर और कोटा संभागों के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। विभाग के अनुसार, आठ सितंबर से राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में और कमी आने की संभावना है।
Similar Post
-
हैदराबाद में ‘इंडिया’ के घटक दलों ने सीईसी के इस्तीफे की मांग को लेकर रैली निकाली
हैदराबाद, गुरुवार, 08 अक्टूबर 2026। तेलंगाना में कांग्रेस के ने ...
-
भारत ने सऊदी अरब के दो हवाई अड्डों पर हुए हमलों की निंदा की
नई दिल्ली, गुरुवार, 08 अक्टूबर 2026। भारत ने बृहस्पतिवार को सऊद ...
-
कॉजपा के संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रधानमंत्री मोदी पर ‘लोकतंत्र की हत्या करने’ का आरोप लगाया
बेंगलुरु, गुरुवार, 08 अक्टूबर 2026। कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) क ...
