दार्जिलिंग रेलवे स्टेशन के लोकोशेड का एक हिस्सा ढहने से आठ लोग घायल
दार्जिलिंग, बुधवार, 02 सितंबर 2026। लगातार हो रही बारिश के बीच पश्चिम बंगाल में बुधवार को दार्जिलिंग रेलवे स्टेशन के लोकोशेड का एक हिस्सा ढह गया, जिससे रेलवे के आठ कर्मचारी घायल हो गये। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे (डीएचआर) के अधिकारी के अनुसार प्रभावित कर्मियों को चिकित्सा सुविधा मुहैया कराई गई है। उन्होंने बताया कि किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई है। उन्होंने कहा कि साहस और समर्पण का परिचय देते हुए रेलवे के प्रभावित कर्मचारियों ने लोकोशेड का हिस्सा गिरने के तुरंत बाद सड़क पर सुरक्षा और यातायात की सुगम आवाजाही को प्राथमिकता दी। उन्होंने खुद के चिकित्सा उपचार से पहले वहां गिरे मलबे को हटाया। डीएचआर की प्रवक्ता प्रतीक्षा छेत्री के अनुसार, दार्जिलिंग शहर में ऐतिहासिक लोकोशेड का एक हिस्सा मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं के कारण ढह गया, जिससे वहां काम कर रहे रेलवे के आठ कर्मचारी घायल हो गये।
उन्होंने बताया कि मुख्य हिल कार्ट रोड के किनारे स्थित लोकोशेड के ढहने से भारी मात्रा में मलबा सड़क पर गिर गया, जिससे यातायात की आवाजाही आंशिक रूप से बाधित हुई। छेत्री ने बताया कि बाद में सभी घायल कर्मचारियों को इलाज के लिए स्थानीय चिकित्सा केंद्रों में ले जाया गया। उन्होंने कहा कि चिकित्साकर्मियों ने पुष्टि की है कि किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई है। घटना के बाद डीएचआर के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटे में दार्जिलिंग शहर में 37 मिलीमीटर बारिश हुई है। आईएमडी ने शनिवार सुबह तक दार्जिलिंग जिले में भारी बारिश होने का अनुमान जताया है।
Similar Post
-
प्रतिभाओं का आना-जाना दोनों देशों की अर्थव्यवस्थाओं के लिए लाभकारी होता है: भारत
नई दिल्ली, शुक्रवार, 09 अक्टूबर 2026। भारत ने कुछ बड़ी भारतीय कं ...
-
निर्वाचन आयोग के मामले पर राष्ट्रपति से रात आठ बजे मिलेंगे ‘इंडिया’ गठबंधन के नेता
नई दिल्ली, शुक्रवार, 09 अक्टूबर 2026। विपक्षी ‘इंडिया’ गठबं ...
-
हैदराबाद में ‘इंडिया’ के घटक दलों ने सीईसी के इस्तीफे की मांग को लेकर रैली निकाली
हैदराबाद, गुरुवार, 08 अक्टूबर 2026। तेलंगाना में कांग्रेस के ने ...
