सिक्किम ने नेपाल के लिए 35 सदस्यीय राहत दल भेजा

img

गंगटोक, सोमवार, 31 अगस्त 2026। सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने सोमवार को ‘सिक्किम फॉर नेपाल’ राहत अभियान को रवाना किया। इसके तहत करीब 35 सदस्यीय दल बाढ़ और भूस्खलन प्रभावित नेपाल के इलाकों में आवश्यक राहत सामग्री और चिकित्सा सहायता पहुंचाएगा। तमांग ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘नेपाल और उसके लोगों की मदद करने तथा उनके साथ अपनी हार्दिक एकजुटता व्यक्त करने के एक विनम्र प्रयास के तहत सिक्किम इस त्रासदी से प्रभावित लोगों को आवश्यक राहत सामग्री और चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए आगे आया है।’’ सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) द्वारा आयोजित इस राहत अभियान के तहत दवाइयां, भोजन और अन्य आवश्यक राहत सामग्री पहुंचाई जाएगी। इसके अलावा प्रभावित समुदायों को चिकित्सा एवं बचाव सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।

दल में चिकित्सा कर्मी, बचावकर्मी और स्वयंसेवक शामिल हैं, जिन्हें विनाशकारी बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित इलाकों में लोगों की मदद के लिए भेजा गया है। तमांग ने कहा कि उन्होंने ‘सिक्किम फॉर नेपाल’ के बैनर तले एसकेएम के विशेष दल को रवाना किया। उन्होंने इस पहल को क्षेत्र के लोगों के बीच साझा ‘‘करुणा, मानवता और भाईचारे की भावना’’ का प्रतीक बताया। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘विपत्ति के समय हमें एकजुट होकर जरूरतमंदों की मदद के लिए हाथ बढ़ाना चाहिए।’’ उन्होंने आपदा में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों और प्रभावित लोगों के प्रति एकजुटता भी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि नेपाल के लोग जब पुनर्वास और पुनर्निर्माण की कठिन प्रक्रिया शुरू कर रहे हैं, तब सिक्किम के लोगों की प्रार्थनाएं और संवेदनाएं उनके साथ हैं।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement