डीएमआरसी बना आईएसओ 55001:2024 प्रमाणन हासिल करने वाला भारत का पहला मेट्रो संगठन
नई दिल्ली, शनिवार, 23 अगस्त 2026। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (डीएमआरसी ) ने मुंबई मेट्रो लाइन-3 की परिसंपत्ति प्रबंधन प्रणाली के लिए आईएसओ 55001:2024 प्रमाणन हासिल कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। यहां जारी एक आधिकारिक बयान में रविवार को बताया गया कि यह प्रमाणन हासिल करने के साथ ही डीएमआरसी, देश का पहला मेट्रो संगठन बन गया है, जिसे परिसंपत्ति प्रबंधन के मामले में इस नवीनतम अंतरराष्ट्रीय मानक के अनुरूप प्रमाणित किया गया है।
गौरतलब है कि आईएसओ 55001:2024 के तहत परिसंपत्तियों का प्रबंधन केवल उनकी मरम्मत तक सीमित नहीं रहता, बल्कि प्रदर्शन, जोखिम, लागत और दीर्घ अवधि को संगठन के सभी उद्देश्यों के साथ जोड़कर किया जाता है। इससे परिसंपत्तियों की विश्वसनीयता एवं उपलब्धता बढ़ाने के साथ-साथ संसाधनों के बेहतर उपयोग और लागत-प्रभावशीलता में भी सहायता मिलती है। डीएमआरसी ने यह प्रमाणन रिकॉर्ड समय में हासिल किया है। इसके लिए विशेष परिसंपत्ति प्रबंधन योजना को मजबूत करने, परिसंपत्ति प्रबंधन के उद्देश्यों को संगठनात्मक प्राथमिकताओं से जोड़ने, जोखिम आकलन एवं जीवन-चक्र नियंत्रणों को सुदृढ़ करने तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों की क्षमता निर्माण पर विशेष ध्यान दिया गया। परिसंपत्ति प्रबंधन व्यवस्था की निरंतर निगरानी केपीआई, ऑडिट और प्रबंधन समीक्षा के माध्यम से की जा रही है।
डीएमआरसी मुंबई मेट्रो लाइन-3 का 33.5 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर है और यह कोलाबा, बांद्रा और सीप्ज़ को जोड़ता है। डीएमआरसी इसके परिचालन एवं मरम्मत की जिम्मेदारी संभाल रहा है। इसके अंतर्गत रोलिंग स्टॉक, ट्रैक्शन, सिग्नलिंग, टेलीकम्युनिकेशन, स्टेशन, लिफ्ट, एस्केलेटर, ट्रैक और सिविल इंफ्रास्ट्रक्चर सहित अनेक महत्वपूर्ण परिसंपत्तियों का सुरक्षित एवं कुशल प्रबंधन शामिल है।
आईएसओ 55001:2024 प्रमाणन के साथ डीएमआरसी ने सुरक्षा, विश्वसनीयता, दक्षता और स्थायित्व के अपने मूल उद्देश्यों को परिसंपत्ति प्रबंधन की एक वैश्विक रूप से मान्य प्रणाली के साथ और मजबूती से जोड़ा है। यह उपलब्धि भारत के शहरी रेल क्षेत्र में वैज्ञानिक, संरचित और जीवन-चक्र आधारित परिसंपत्ति प्रबंधन के लिए एक नया मानदंड स्थापित करती है। इसके साथ ही, यह डीएमआरसी की उस क्षमता को भी प्रदर्शित करती है जिसके माध्यम से वह देश के विभिन्न शहरों में विश्वस्तरीय मेट्रो संचालन, रखरखाव एवं परिसंपत्ति प्रबंधन विशेषज्ञता उपलब्ध करा सकता है।
Similar Post
-
केरलम: एमडीएमए तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार
कोच्चि, शनिवार, 23 अगस्त 2026। आबकारी विभाग ने कथित तौर से दिल्ल ...
-
उच्चतम न्यायालय झारखंड सिविल सेवा परीक्षा में ‘धांधली’ की सीबीआई जांच संबंधी याचिका पर 24 अगस्त को सुनवाई करेगा
नई दिल्ली, शनिवार, 23 अगस्त 2026। उच्चतम न्यायालय झारखंड संयुक् ...
-
संसद के मानसूत्र सत्र के औपचारिक समापन का इंतजार
नई दिल्ली, शनिवार, 23 अगस्त 2026। संसद के दोनों सदनों की कार्यवा ...
