सुखबीर सिंह बादल कृपाण हमले में घायल, एक व्यक्ति हिरासत में लिया गया
नांदेड़, गुरुवार, 13 अगस्त 2026। शिरोमणि अकाली दल (शिअद) प्रमुख एवं पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल बृहस्पतिवार को महाराष्ट्र के नांदेड़ में कृपाण से किए गए हमले में घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। नांदेड़ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) नीलाभ रोहन ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “एक निहंग ने गुरुद्वारे के अंदर बादल पर कृपाण से हमला किया।’’ उन्होंने कहा कि हमलावर को हिरासत में ले लिया गया है। उन्होंने कहा कि बादल को एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक स्थानीय अधिकारी ने बताया कि बादल के हाथ में दो . तीन टांके लगे हैं। बादल पर दोपहर लगभग एक बजकर 45 मिनट पर गुरुद्वारा माता साहिब देवान जी मुगत के अंदर हमला किया गया।
एक अधिकारी ने बताया कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बादल पर हुए हमले की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि फडणवीस ने बादल को फोन कॉल कर उनकी सेहत के बारे में जानकारी ली। सूत्रों ने बताया कि फडणवीस ने नांदेड़ के पुलिस अधीक्षक से घटना के बारे में जानकारी ली और पुलिस को हमले की वजह की जांच करने का निर्देश दिया। भाजपा के वरिष्ठ नेता आर. पी. सिंह ने बादल पर हुए हमले की कड़ी निंदा की और कहा कि हिंसा का ऐसा कृत्य पूरी तरह अस्वीकार्य है। उन्होंने फडणवीस से इस घटना की पूरी और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की अपील की।
सिंह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैं नांदेड़ में सुखबीर सिंह बादल जी पर हुए हमले की कड़ी निंदा करता हूं। हिंसा का ऐसा कृत्य पूरी तरह अस्वीकार्य है और लोकतांत्रिक समाज में इसकी कोई जगह नहीं है। राजनीतिक मतभेद और असहमतियां लोकतंत्र का स्वाभाविक हिस्सा हैं, लेकिन हिंसा का सहारा लेना कभी भी उचित नहीं ठहराया जा सकता।’’ दिसंबर 2024 में पंजाब के अमृतसर में स्वर्ण मंदिर के बाहर बादल की हत्या की कोशिश नाकाम रही थी। उस समय बादल पंजाब में शिअद सरकार द्वारा 2007 से 2017 तक की गई ‘‘गलतियों’’ के लिए ‘तनखैया’ (धार्मिक सजा) घोषित किए जाने के बाद सेवा कर रहे थे।
Similar Post
-
फॉर्म-7 के जरिए सपा समर्थकों के वोट काटे गए, 2022 में चुनाव आयोग की गड़बड़ी से नहीं बन सकी सरकार : अखिलेश
लखनऊ, रविवार, 27 सितंबर 2026। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्य ...
-
संजय राउत का बड़ा आरोप, साजिश के तहत चुराए जाते हैं चुनाव
मुंबई, रविवार, 27 सितंबर 2026। शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउ ...
-
विश्व पर्यटन दिवस पर उमर अब्दुल्ला ने पर्यटकों को जम्मू-कश्मीर आने का दिया न्योता
श्रीनगर, रविवार, 27 सितंबर 2026। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उम ...
