ओडिशा में 17 अगस्त तक भारी बारिश के आसार
भुवनेश्वर, बुधवार, 12 अगस्त 2026। बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव वाला नया क्षेत्र बनने से ओडिशा में 17 अगस्त तक भारी बारिश हो सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार को यह जानकारी दी। आईएमडी ने सुबह जारी बुलेटिन में कहा कि यह मौसमी प्रणाली अगले 48 घंटों के दौरान और अधिक सक्रिय हो सकती है तथा उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ सकती है। बुलेटिन के अनुसार, ‘‘उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और आसपास के इलाकों में कल बने ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से आज (बुधवार) सुबह साढ़े पांच बजे पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के तटों के पास उत्तरी बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना।’’ भुवनेश्वर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने एक अन्य बुलेटिन में कहा कि राज्य में अगले पांच से छह दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र, भुवनेश्वर की निदेशक मनोरमा मोहंती ने कहा, ‘‘हमने अंगुल और क्योंझर जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का ‘ऑरेंज अलर्ट’ (कार्रवाई के लिए तैयार रहें) और ओडिशा के बाकी जिलों में भारी बारिश का ‘येलो अलर्ट’ (सतर्क रहें) जारी किया है।’’
आईएमडी ने कहा कि 15 अगस्त तक ओडिशा तट और उसके आसपास 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं तथा इस दौरान हवा की रफ्तार कभी-कभी 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इस दौरान समुद्र के अशांत रहने की भी संभावना है। बुलेटिन में मछुआरों को 15 अगस्त तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है। आईएमडी ने कहा कि 17 अगस्त तक भारी बारिश के कारण कुछ जलग्रहण क्षेत्रों में नदियों में बाढ़ आने की आशंका भी है।
Similar Post
-
फॉर्म-7 के जरिए सपा समर्थकों के वोट काटे गए, 2022 में चुनाव आयोग की गड़बड़ी से नहीं बन सकी सरकार : अखिलेश
लखनऊ, रविवार, 27 सितंबर 2026। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्य ...
-
संजय राउत का बड़ा आरोप, साजिश के तहत चुराए जाते हैं चुनाव
मुंबई, रविवार, 27 सितंबर 2026। शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउ ...
-
विश्व पर्यटन दिवस पर उमर अब्दुल्ला ने पर्यटकों को जम्मू-कश्मीर आने का दिया न्योता
श्रीनगर, रविवार, 27 सितंबर 2026। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उम ...
