जेएनयूएसयू के विरोध के बाद इस्कॉन से जुड़ा कार्यक्रम रद्द
नई दिल्ली, शुक्रवार, 07 अगस्त 2026। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्र संघ (जेएनयूएसयू) ने शुक्रवार को केंद्रीय पुस्तकालय के बाहर उस कार्यक्रम के खिलाफ प्रदर्शन किया, जिसमें इस्कॉन (इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर कृष्णा कॉन्शियसनेस) के एक प्रतिनिधि शामिल होने वाले थे। छात्र संघ के सदस्यों के अनुसार, विरोध के बाद कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया। छात्र संघ के पदाधिकारियों द्वारा साझा किए गए पोस्टरों और जानकारी के अनुसार, केंद्रीय पुस्तकालय में 'एम्पॉवरिंग यूथ फॉर ए ब्राइटर फ्यूचर' शीर्षक वाले कार्यक्रम का आयोजन होने वाला था। इस कार्यक्रम में "ईक्यू, आईक्यू और एसक्यू में संतुलन" विषय पर एक सत्र भी शामिल था।
छात्र संघ (जेएनयूएसयू) के महासचिव सुनील यादव ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया, "इससे पहले नवंबर 2025 में भी जेएनयूएसयू ने प्रशासन को एक पत्र लिखकर परिसर में इस्कॉन को भागवद गीता पर आधारित कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति दिए जाने पर आपत्ति जताई थी। शुक्रवार को इसी संगठन के एक वक्ता प्रतिनिधि का पुस्तकालय में व्याख्यान होना था।"
जेएनयूएसयू ने 30 नवंबर 2025 को जेएनयू के कुलपति को एक ईमेल भेजा था जिसमें विश्वविद्यालय के सम्मेलन केंद्र के इस्तेमाल से जुड़े नियमों का हवाला दिया था। इन नियमों के अनुसार, इस सुविधा को "किसी भी राजनीतिक या धार्मिक संगठन को उपलब्ध नहीं कराया जा सकता है।" छात्र संघ ने ईमेल में कहा था, "हमारा मानना है कि प्रशासन को सम्मेलन केंद्र के उपयोग के लिए तय मानक नियमों और विनियमों का पालन करना चाहिए तथा इसमें इस तरह के धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन की अनुमति नहीं देनी चाहिए।" कार्यक्रम के रद्द होने पर विश्वविद्यालय प्रशासन की प्रतिक्रिया जानने के लिए 'पीटीआई-भाषा' द्वारा बार-बार प्रयास किए जाने के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई जवाब नहीं मिला।
Similar Post
-
ओडिशा के बालासोर में सिलेंडर में हुआ विस्फोट; रेस्तरां जल कर खाक, कोई हताहत नहीं
बालासोर, सोमवार, 21 सितंबर 2026। ओडिशा के बालासोर शहर में सोमवा ...
-
अगर अवसंरचना ही नहीं होगी, तो न्यायाधिकरण कैसे काम करेंगे : न्यायालय
नई दिल्ली, सोमवार, 21 सितंबर 2026। उच्चतम न्यायालय ने सोमवार को ...
-
दक्षिण दिल्ली में सड़क चौड़ीकरण अभियान के तहत लगभग 20 ‘अनाधिकृत’ मकान, फार्महाउस ढहाए गए
नई दिल्ली, सोमवार, 21 सितंबर 2026। दक्षिण दिल्ली के छतरपुर क्षे ...
