दिल्ली में एक करोड़ रुपये से अधिक की अवैध सिगरेट जब्त
नई दिल्ली, गुरुवार, 06 अगस्त 2026। दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में प्रतिबंधित और विदेशी सिगरेट की अवैध आपूर्ति में शामिल एक कथित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है और एक करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की सिगरेट जब्त की है। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि दो चरणों में चलाए गए अभियान के दौरान विभिन्न ब्रांडों की 2,82,640 आयातित सिगरेट जब्त की गईं। इन सिगरेटों पर कानून के अनुसार जरूरी पैकेजिंग और स्वास्थ्य चेतावनी नहीं होने के कारण भारत में इनकी बिक्री प्रतिबंधित है। पुलिस के अनुसार, यह अभियान चार अगस्त को शुरू हुआ था। उस दिन उत्तर-पूर्व जिले के विशेष स्टाफ को सूचना मिली थी कि करावल नगर इलाके में प्रतिबंधित आयातित सिगरेट की एक खेप पहुंचने वाली है।
अधिकारियों ने बताया कि एक पुलिस टीम ने महालक्ष्मी विहार में नाला रोड के पास जाल बिछाया, जहां शाम करीब 4:30 बजे तीन लोगों को मोटरसाइकिल पर इस खेप को ले जाने का प्रयास करते हुए रोका गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अंकित (35), विशाल (28) और राहुल (36) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उनके पास से इंडोनेशिया में बनी ‘इन ब्लैक’ ब्रांड की 12,640 सिगरेट वाले 79 डिब्बे बरामद किए गए। पुलिस ने बताया कि इन पैकेटों पर भारतीय कानून के तहत अनिवार्य वैधानिक स्वास्थ्य चेतावनियां नहीं छपी थीं। अधिकारियों ने बताया कि करावल नगर पुलिस स्टेशन में सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम की धारा 7 और 20 के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई है, और इस खेप को ले जाने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने अपने मुख्य आपूर्तिकर्ता का नाम बताया, जिसके बाद पुलिस ने राम नगर एक्सटेंशन से नीरज कपूर (55) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर जांच टीम ने बुधपुर औद्योगिक क्षेत्र में एक गोदाम पर छापा मारा। वहां से विभिन्न ब्रांडों की करीब 2.70 लाख प्रतिबंधित आयातित सिगरेट बरामद हुईं। इसके बाद कुल बरामद सिगरेटों की संख्या 2,82,640 हो गई, जिनकी बाजार कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है।पुलिस ने बताया कि आरोपी राहुल के खिलाफ चोरी और झपटमारी का एक पुराना मामला दर्ज है, जबकि बाकी तीनों आरोपियों का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। पुलिस ने यह भी कहा कि इन सिगरेटों के स्रोत, वित्तीय लेनदेन और इस अवैध आपूर्ति नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
Similar Post
-
नंदीग्राम कांग्रेस उम्मीदवार की गिरफ्तारी पर भड़के संजय राउत, बोले- डर गए, इसलिए पुराने केस में किया गिरफ्तार
मुंबई, रविवार, 20 सितंबर 2026। शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सदस् ...
-
जम्मू-कश्मीर: सुरक्षा बलों के तलाशी अभियान के बीच कठुआ, सांबा, उधमपुर, डोडा और किश्तवाड़ में हाईअलर्ट
जम्मू, रविवार, 20 सितंबर 2026। जम्मू-कश्मीर के कठुआ, सांबा, उधमपु ...
-
दिल्ली के अलीपुर में निर्माणाधीन इमारत गिरी, कोई हताहत नहीं
नई दिल्ली, रविवार, 20 सितंबर 2026। उत्तर दिल्ली के अलीपुर इलाके ...
