कांवड़ यात्रा: डीआईजी ने किया नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण, अतिरिक्त कैमरे लगाने के निर्देश
मेरठ (उप्र), शनिवार, 01 अगस्त 2026। कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए मेरठ परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) कलानिधि नैथानी ने शनिवार को पल्लवपुरम कांवड़ मार्ग, मोदीपुरम स्थित सीसीटीवी एवं वायरलेस उप नियंत्रण कक्ष तथा अस्थायी पुलिस चौकी का निरीक्षण किया। नैथानी ने अधिकारियों को निगरानी व्यवस्था मजबूत करने, अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल एवं त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने कांवड़ यात्रा की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, मार्ग परिवर्तन, प्रकाश व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधाओं तथा सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यात्रा के प्रत्येक चरण की लगातार निगरानी की जाए और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह सक्रिय रखी जाएं। नैथानी ने कांवड़ मार्ग के सभी मार्ग भेदकों पर 'धीरे चलें' के संकेतक बोर्ड लगाने, गति नियंत्रण के लिए अतिरिक्त संकेतक स्थापित करने तथा मोदीपुरम, पल्लवपुरम और अन्य अधिक भीड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल रिजर्व में रखने के निर्देश दिए।
डीआईजी ने वायरलेस संचार व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी के पास वायरलेस सेट उपलब्ध रहने पर जोर दिया। उन्होंने डिवाइडर पर मौजूद वनस्पति की छंटाई कराने, संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और शहर के अंदर जाने वाले मार्गों को जाममुक्त रखने के लिए प्रभावी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा। डीआईजी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और निर्बाध व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी अधिकारी और कर्मचारी आपसी समन्वय, सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
Similar Post
-
पटियाला में अवैध हथियारों का मॉड्यूल पकड़ा गया, तीन गिरफ्तार
चंडीगढ़, शुक्रवार, 31 अक्टूबर 2026। पंजाब पुलिस ने पटियाला में ...
-
दिल्ली की अदालत ने मानहानि मामले में यूट्यूबर ध्रुव राठी के खिलाफ नए जमानती वारंट जारी किए
नई दिल्ली, शुक्रवार, 31 अक्टूबर 2026। दिल्ली की एक अदालत ने 2018 के ...
-
ISRO ने लॉन्च किया तीसरी पीढ़ी का NavIC सैटेलाइट, NVS-02 की नाकामी के बाद उठाया कदम
नई दिल्ली, शुक्रवार, 31 अक्टूबर 2026। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान ...
