'रामायण' के ट्रेलर में राम-रावण युद्ध की झलक, रणबीर और यश आमने-सामने

img

भारत की सबसे महंगी फिल्मों में से एक बताई जा रही 'रामायण' का ट्रेलर बृहस्पतिवार को जारी किया गया। ट्रेलर में आधुनिक तकनीक और शानदार दृश्य प्रभावों के साथ अच्छाई और बुराई के बीच युद्ध की प्राचीन कथा को भव्य सिनेमाई अंदाज में पेश करने का वादा किया गया है। करीब चार मिनट के ट्रेलर की शुरुआत दक्षिण भारतीय अभिनेता यश द्वारा निभाए गए रावण के किरदार से होती है। इसके बाद रणबीर कपूर अपने अब तक के सबसे महत्वाकांक्षी किरदार राम के रूप में नजर आते हैं।

करीब 4,000 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस दो-भाग वाली फिल्म का निर्देशन 'दंगल' के निर्देशक नितेश तिवारी ने किया है। फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा के 'प्राइम फोकस स्टूडियोज' और आठ बार अकादमी पुरस्कार जीत चुके वीएफएक्स स्टूडियो डीएनईजी ने यश की 'मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस' के साथ मिलकर किया है। ट्रेलर की शुरुआत 'रावण' बने यश के पृथ्वी के सबसे शक्तिशाली राजाओं में से एक बनने के लिए संघर्ष करने के दृश्यों से होती है, जिसके बाद दृश्य अयोध्या के राजा दशरथ पर केंद्रित हो जाता है।

रणबीर कपूर, राम के रूप में आंखों पर पट्टी बांधकर धनुष-बाण का अभ्यास करते दिखाई देते हैं। उन्हें अयोध्या का अगला राजा घोषित किया जाता है और स्वयंवर के बाद उनका विवाह सीता (साई पल्लवी) से होता है। हालांकि, उनकी सौतेली मां कैकेयी (लारा दत्ता) के 14 वर्ष के वनवास की मांग करने के बाद घटनाक्रम बदल जाता है।

इसके बाद ट्रेलर में राम, लक्ष्मण (रवि दुबे) और सीता के वनवास के समय को दिखाया गया है, जिसमें वे कई तरह के राक्षसों का सामना करते हैं और रावण की बहन शूर्पणखा (जिसका किरदार रकुल प्रीत सिंह ने निभाया है) से भी उनका सामना होता है। लक्ष्मण के साथ हुई लड़ाई के बाद, रावण सीता का अपहरण करके बदला लेने का संकल्प लेता है। ट्रेलर का अंत राम की इस घोषणा के साथ होता है कि वह रावण को हराकर अपनी पत्नी को वापस लाएंगे। फिल्म में सनी देओल हनुमान का किरदार निभा रहे हैं, लेकिन उन्हें ट्रेलर में नहीं दिखाया गया है। माना जा रहा है कि वह फिल्म के पहले भाग के आखिर में या दूसरे भाग में नजर आएं।

'रामायण: पार्ट वन' दुनियाभर में दीपावली 2026 के अवसर पर प्रदर्शित होगी। फिल्म में अजिंक्य देव ऋषि विश्वामित्र और कुणाल कपूर देवराज इंद्र की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म की पटकथा "पठान", "वॉर" और "द नाइट मैनेजर" जैसी हिट फिल्मों के लिए जाने जाने वाले श्रीधर राघवन ने लिखी है। इसका संगीत ऑस्कर विजेता संगीतकार ए.आर. रहमान और हंस जिमर ने तैयार किया है।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement