पुलिस पूछताछ का सामना करने वाले युवक की मौत हेपेटाइटिस से हुई: मुख्यमंत्री सतीशन
तिरुवनंतपुरम, बुधवार, 29 जुलाई 2026। केरल के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने बुधवार को कहा कि कोल्लम जिले में पुलिस पूछताछ का सामना करने वाले युवक की मौत के मामले में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हेपेटाइटिस बताया गया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में पुलिस की अपराध शाखा की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के गृह विभाग ने घटना के बारे में राज्य पुलिस के प्रमुख से रिपोर्ट मांगी है और जिला अपराध शाखा इस मामले की विस्तृत जांच करेगी। कैबिनेट की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। सतीशन ने बताया कि कुंदरा के सोसाइटीमुक्कू के रहने वाले सियाद को पड़ोस के 13 वर्षीय बच्चे के लापता होने के मामले में 16 जून को पुलिस हिरासत में लिया गया था और अगले दिन उसे छोड़ दिया गया था।
उन्होंने बताया कि पुलिस हिरासत से रिहा होने के 13 दिन बाद दो जुलाई को सियाद पर कथित तौर पर एक स्थानीय युवक ने हमला किया था और बाद में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हिरासत से रिहा होने के एक महीने से अधिक समय बाद 25 जुलाई को तिरुवनंतपुरम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उसकी मौत हो गई। मुख्यमंत्री ने कहा, ''पोस्टमॉर्टम मेडिकल रिपोर्ट में मौत की वजह हेपेटाइटिस बताई गई है।'' उन्होंने कहा कि अपराध शाखा की जांच मृतक के चाचा के बयान और दो जुलाई को हुए कथित हमले पर आधारित होगी।
सतीशन ने कहा कि पुलिस हिरासत और मौत के बीच समय का अंतर होने के बावजूद, आरोपों को देखते हुए सरकार विस्तृत जांच चाहती है और जांच के नतीजों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री का यह बयान पीड़ित परिवार के उन आरोपों के बीच आया है जिनमें कहा गया है कि पुलिस हिरासत के दौरान लगी चोटों के कारण सियाद की मौत हो गई। सियाद की पत्नी ने आरोप लगाया कि पुलिस की गाड़ी के अंदर और फिर पुलिस थाने में उनके साथ मारपीट की गई और बाद में उन्हें शरीर में तेज दर्द की शिकायत हुई। परिवार का यह भी कहना था कि चिकित्सकों को पसलियों में चोटें मिलीं जिनसे बाद में जटिलताएं पैदा हो गईं। लेकिन पुलिस ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि हिरासत के दौरान सियाद के साथ मारपीट नहीं की गई थी।
Similar Post
-
नौगांव लोकसभा उपचुनाव को लेकर गौरव गोगोई बोले- 'डर की राजनीति बनाम जनता के साहस की परीक्षा'
जोरहाट, सोमवार, 14 सितंबर 2026। असम के नौगांव लोकसभा सीट पर होने ...
-
ब्रिक्स 2026 की सफलता भारत की वैश्विक कूटनीतिक ताकत का प्रमाण : एस जयशंकर
नई दिल्ली, सोमवार, 14 सितंबर 2026। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ब्र ...
-
बाढ़ से बेहाल बिहार के साथ केंद्र कर रहा भेदभाव, गुजरात में बारिश पर भी पैकेज : तेजस्वी यादव
पटना, सोमवार, 14 सितंबर 2026। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्र ...
