ओडिशा में माओवादियों का हथियारों का जखीरा बरामद
मलकानगिरि (ओडिशा), शनिवार, 25 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ से सटे ओडिशा के मलकानगिरि जिले में सुरक्षा बलों ने माओवादियों के हथियारों का जखीरा बरामद किया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक बयान के मुताबिक, एक गुप्त सूचना के आधार पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और ओडिशा पुलिस की एक संयुक्त टीम ने 24 जुलाई को जोदाम्बो थानाक्षेत्र में एक अभियान चलाया तथा अरापादार और घुसुमपादार गांवों के बीच पहाड़ी एवं वन्यक्षेत्र में माओवादियों के हथियारों का जखीरा बरामद किया। बयान के अनुसार, वहां से जिलेटिन की 32 छड़े, 11 डेटोनेटर, 500 ग्राम बारूद, तीन मीटर कॉडेक्स तार, एक सोलर पैनल बैटरी, एक रेडियो और बिजली के तार जब्त किए गए। बयान में कहा गया है, ‘‘बीएसएफ मलकानगिरि जिले के प्रभावित इलाकों में लगातार ऑपरेशन चला रहा है। यह इलाका कभी माओवादियों का गढ़ माना जाता था।’’
बयान के मुताबिक इस इलाके में स्थायी शांति बनाए रखने के लिए सुरक्षा बलों का दबदबा तेजी से बढ़ रहा है। बयान में कहा गया है कि ऐसा शक है कि जमीन के नीचे इन हथियारों को इसलिए छिपाया गया था ताकि उनका पता नहीं चल पाये और ऐसी आशंका है कि उनका इस्तेमाल सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के लिए किया जाता या विध्वंसकारी गतिविधियों के लिए किया जाता। बयान में यह भी कहा गया कि ऐसा संदेह है कि माओवादियों ने भविष्य में हमलों के लिए और अधिक विस्फोटक सामग्री जमा कर रखी हो।
Similar Post
-
पंजाब पुलिस छह महीने की तलाश के बाद फरार गैंगस्टर को इंडोनेशिया से वापस लाई
चंडीगढ़, शनिवार, 25 जुलाई 2026। पंजाब के गैंगस्टर रोधी कार्य बल ...
-
‘कुशा’ मिसाइल के सफल परीक्षण पर पेमा खांडू ने डीआरडीओ को बधाई दी
ईटानगर, शनिवार, 25 जुलाई 2026। अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पे ...
-
प्रधान का इस्तीफा राहुल गांधी के संघर्ष का परिणाम : कांग्रेस की तेलंगाना इकाई के प्रमुख
हैदराबाद, शनिवार, 25 जुलाई 2026। कांग्रेस की तेलंगाना इकाई के अ ...
