विपक्ष के हंगामे के कारण राज्यसभा की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित
नई दिल्ली, शुक्रवार, 24 जुलाई 2026। राज्यसभा में विपक्ष लगातार पांचवें दिन शुक्रवार को भी शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे और नीट यूजी पेपर लीक के मुद्दे पर चर्चा कराने की मांग पर अड़ा रहा जिसके कारण हुए हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी। सोमवार से शुरू हुए संसद के मानसून सत्र का आज पांचवां दिन है और इस पूरे सप्ताह एक भी दिन शून्यकाल की कार्यवाही नहीं हो सकी। सभापति सी पी राधाकृष्णन ने विधायी दस्तावेज सदन के पटल पर रखे जाने के बाद जैसे ही शून्यकाल की कार्यवाही शुरू करनी चाही विपक्ष के सदस्यों ने नीट पेपर लीक का मुद्दा उठाने की कोशिश की। उन्होंने नेता विपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से अपनी बात रखने को कहा । श्री खरगे ने कहा कि सोमवार को जिस तरह नीट पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन करने वाले छात्रों पर लाठीचार्ज किया वह बहुत दर्दनाक है।
उनकी बात पूरी भी नहीं हो सकी उससे पहले ही सभापति ने सदन की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित कर दी। इससे लगातार पांचवें दिन लोक महत्व के विषयों से जुड़े शून्यकाल की कार्यवाही नहीं हो सकी। इससे पहले सभापति ने कारगिल की चोटियों से पाकिस्तान समर्थित घुसपैठियों को खद्देड़ने के भारतीय सेनाओं के पराक्रम की याद में हर वर्ष 26 जुलाई को मनाये जाने वाले विजय दिवस का उल्लेख किया। उन्होंने सदन से मातृभूमि की रक्षा में प्राणों का बलिदान देने वाले सेनाओं के रणबांकुरों की वीरता और साहस को सलाम करने की अपील की। सदन ने करगिल के वीरों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके सम्मान में दो मिनट का मौन भी रखा।
प्रधान के इस्तीफे तथा नीट के मुद्दे पर चर्चा कराने को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के अपने-अपने रूख पर अड़े रहने के कारण उत्पन्न गतिरोध के चलते मानसून सत्र के पिछले चार दिनों में हंगामे के कारण राज्यसभा में कोई विधायी कामकाज नहीं हो सका तथा सदन की कार्यवाही हंगामे की भेंट चढ गयी। विपक्ष शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर अड़िग है और उसका स्पष्ट कहना है कि इस्तीफे के बिना चर्चा शुरू नहीं होगी वहीं सत्ता पक्ष श्री प्रधान के इस्तीफे पर चुप्पी साधे हुए है और उसका कहना है कि वह नीट परीक्षा लीक और इससे संबंधित आंदोलन के हर मुद्दे पर चर्चा कराने के लिए तैयार है तथा विपक्ष को भी चर्चा के लिए तैयार होना चाहिए।
Similar Post
-
पन्ना बाघ अभयारण्य में अधिकारी का ‘होमस्टे’ वन विभाग की अनुमति के बिना बनाया गया: जांच रिपोर्ट
नई दिल्ली, शुक्रवार, 24 जुलाई 2026। पन्ना बाघ अभयारण्य के पारिस ...
-
विपक्ष के हंगामे के कारण राज्यसभा की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित
नई दिल्ली, शुक्रवार, 24 जुलाई 2026। राज्यसभा में विपक्ष लगातार ...
-
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने प्रश्नपत्र लीक के लिए कड़ी सजा के प्रावधान वाले विधेयक के मसौदे को मंजूरी दी
नई दिल्ली, शुक्रवार, 24 जुलाई 2026। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने प्रश ...
