असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर, 3.6 लाख लोग प्रभावित
गुवाहाटी, मंगलवार, 21 जुलाई 2026। असम के विभिन्न जिलों में बाढ़ से 3.6 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं तथा सेना समेत कई एजेंसियां राहत और बचाव अभियान चला रही हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को दूसरे दिन भी ट्रेन सेवाएं प्रभावित रहीं क्योंकि असम के कुछ हिस्सों में पटरियां बाढ़ के कारण जलमग्न हैं। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) ने कई ट्रेनों को रद्द कर दिया, कुछ ट्रेनों का संचालन संक्षिप्त दूरी तक सीमित कर दिया या उनके मार्ग में बदलाव किया। इसके अलावा फंसे हुए यात्रियों के लिए विशेष ट्रेनों की घोषणा भी की गई।
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) ने बताया कि सबसे अधिक प्रभावित शिवसागर जिले में दिखो नदी का पानी ''अत्यधिक बाढ़ स्तर'' से ऊपर बह रहा है। शिवसागर में करीब 1.58 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि बाढ़ प्रभावित 11 जिलों में कुल 101 राहत शिविर और राहत वितरण केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां वर्तमान में 9,606 विस्थापित लोग शरण लिए हुए हैं। एएसडीएमए ने लोगों से नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि के कारण उससे दूर रहने की अपील की है। राज्य की कई प्रमुख नदियां उफान पर हैं, जिससे कई स्थानों पर बाढ़ का पानी सड़कों और निचले इलाकों में भर गया है।
अधिकारियों ने बताया कि बिश्वनाथ, कछार, चराईदेव, चिरांग, धेमाजी, डिब्रूगढ़, गोलाघाट, जोरहाट, कामरूप, कामरूप मेट्रोपॉलिटन, कार्बी आंगलोंग, नगांव, शिवसागर, तिनसुकिया और उदलगुड़ी जिलों में 3,62,900 से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। इस साल बाढ़ की घटना में जान गंवाने वालों की संख्या 10 पहुंच गई है, जबकि चराईदेव और कार्बी आंगलोंग जिलों में दो लोग लापता हैं। अधिकारियों ने बताया कि ऊपरी असम में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), अग्निशमन एवं आपात सेवा विभाग तथा जिला प्रशासन को बचाव और राहत कार्यों में सहायता देने के लिए सेना के जवान तैनात किये गये हैं।
मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि मंत्रिमंडल में उनके सहयोगी मंत्री बाढ़ प्रभावित जिलों में राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के सांसदों और विधायकों को भी मौके पर मौजूद रहने के लिए कहा गया है। एनएफआर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि शिवसागर जिले के सिमलुगुड़ी शहर और आसपास के इलाकों में भीषण बाढ़ के कारण सिमलुगुड़ी-नामतियाली और सिमलुगुड़ी-सेलेंगहाट खंडों पर ट्रेन सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं।
Similar Post
-
हिमाचल प्रदेश: भारी बारिश को लेकर जारी 'रेड अलर्ट' के मद्देनजर चार जिलों में शिक्षण संस्थान बंद
शिमला, मंगलवार, 21 जुलाई 2026। मौसम विभाग द्वारा भारी बारिश को ल ...
-
श्रद्धालुओं की शिकायतों के बाद तमिलनाडु के मंत्री ने वडापलानी के अंदावर मंदिर का किया निरीक्षण
चेन्नई, मंगलवार, 21 जुलाई 2026। तमिलनाडु के हिंदू धार्मिक एवं ध ...
-
'आप' ने कॉजपा के प्रदर्शनकारियों की कानूनी, चिकित्सकीय सहायता के लिए हेल्पलाइन शुरू की
नई दिल्ली, मंगलवार, 21 जुलाई 2026। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्र ...
