उत्तराखंड में चारधाम यात्रा का संचालन फिर शुरू
देहरादून, मंगलवार, 21 जुलाई 2026। लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण एहतियातन अस्थायी रूप से स्थगित की गयी चारधाम यात्रा मंगलवार को फिर शुरू कर दी गयी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक, यात्रा मार्गों की आवश्यक समीक्षा के बाद चारधाम यात्रा को पुनः सुचारु रूप से संचालित किया गया है। चारधाम यात्रा को सोमवार को स्थगित किया गया था। गढ़वाल के आयुक्त आनंद स्वरूप ने बताया कि चारधाम यात्रा से जुड़े सभी जिलों के प्रशासन, पुलिस, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) तथा संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर यात्रा का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यात्रा मार्गों की निरंतर निगरानी की जा रही है तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
आयुक्त ने यात्रियों से भी अपील की है कि यात्रा के दौरान यदि किसी स्थान पर भारी वर्षा, भूस्खलन या अन्य कारणों से यात्रा मार्ग अस्थायी रूप से बाधित होता है, तो वे प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षित स्थानों या 'होल्डिंग एरिया' में ही रुकें तथा प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि ऐसे हालात में परिस्थितियां सामान्य होने के बाद ही यात्रा को आगे बढ़ाया जाएगा। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए स्वरूप ने कहा कि सभी विभागों को मौसम की स्थिति तथा यात्रा मार्गों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
Similar Post
-
पूर्वी राजस्थान में भारी से अति भारी बारिश, सवाई माधोपुर के खंडार में 130 मिमी वर्षा
जयपुर, शुक्रवार, 04 सितंबर 2026। राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में ...
-
सूची से हटाए मतदातओं की जानकारी साझा की गई, बीएलए को पते नोट कर लेने चाहिए थे: सीईओ दिल्ली
नई दिल्ली, शुक्रवार, 04 सितंबर 2026। दिल्ली निर्वाचन कार्यालय न ...
-
खरगे ने जीएसएलवी-एफ17/ईओएस-05 मिशन की सफलता पर इसरो टीम को दी बधाई
नई दिल्ली, शुक्रवार, 04 सितंबर 2026। कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यस ...
