सोनभद्र में सर्राफा व्यवसायी से 60 लाख रुपये के आभूषण व नकदी की लूट
सोनभद्र, शनिवार, 19 जुलाई 2026। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के बभनी थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम बाइक सवार बदमाशों ने एक सर्राफा व्यवसायी से लगभग 60 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लूट ली। पुलिस ने रविवार को बताया कि व्यवसायी द्वारा विरोध किए जाने पर लुटेरों ने हवा में गोली चलाई और चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
बभनी थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) डीपी यादव के मुताबिक, चपकी गांव के निवासी कुलधीर कुमार सेठ शनिवार रात छत्तीसगढ़ से सर्राफा का सामान लेकर अपनी मोटरसाइकिल से लौट रहे थे। जब वह शीशटोला के जंगल के पास पहुंचे, तभी बाइक सवार तीन बदमाशों ने रास्ता रोककर उन्हें घेर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि लुटेरों ने व्यवसायी से उनका वह झोला छीन लिया, जिसमें 300 ग्राम सोना, आठ किलोग्राम चांदी के जेवर, 40 हजार रुपये नकद और दुकान के बही-खाते रखे हुए थे। बाजार भाव के अनुसार लूटे गए आभूषणों और नकदी की कुल कीमत करीब 60 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, जब कुलधीर ने लूट का विरोध किया, तो बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए हवा में गोलियां चलाईं और उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दो लुटेरे जंगल की ओर भाग गए, जबकि उनका एक साथी मोटरसाइकिल से जिगनहवा गांव की तरफ फरार हो गया। एसएचओ डीपी यादव ने बताया कि इस संबंध में पीड़ित व्यवसायी की तहरीर पर लूट, मारपीट, जानलेवा हमला और गोलीबारी सहित सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घायल व्यवसायी को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रही है। पुलिस की कई टीमें गठित कर बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
Similar Post
-
उत्तर पूर्वी दिल्ली में पुलिस ने 98 किलो अवैध पटाखे जब्त किए
नई दिल्ली, सोमवार, 19 अक्टूबर 2026। उत्तर-पूर्वी दिल्ली में पटा ...
-
नेहा बोरा ने पुलिस के नोटिस के खिलाफ दिल्ली उच्च न्यायालय का रुख किया
नई दिल्ली, सोमवार, 19 अक्टूबर 2026। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिए ...
-
अमित शाह 22 अक्टूबर को दिल्ली में अवजल अवसंरचना परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे
नई दिल्ली, सोमवार, 19 अक्टूबर 2026। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शा ...
