'आप' ने सोनम वांगचुक को अस्पताल स्थानांतरित करने की आलोचना की
नई दिल्ली, शनिवार, 18 जुलाई 2026। आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली पुलिस द्वारा कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को अस्पताल स्थानांतरित किए जाने की शनिवार को कड़ी आलोचना की, प्रदर्शनकारियों के खिलाफ बल प्रयोग का आरोप लगाया और विद्यार्थियों से उनके आंदोलन को समर्थन जारी रखने की अपील की। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने आरोप लगाया कि 21 दिन से भूख हड़ताल कर रहे वांगचुक की मांगों को पूरा करने के बजाय उन्हें जबरन अस्पताल भेज दिया गया। उन्होंने दावा किया कि अनशन के दौरान केंद्र सरकार के किसी भी प्रतिनिधि ने कार्यकर्ता से बात नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर इकट्ठा हुए प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस ने बल प्रयोग किया। संजय सिंह ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई 20 जुलाई को संसद तक प्रस्तावित मार्च से पहले की गई। उन्होंने युवाओं से वांगचुक के आंदोलन का समर्थन जारी रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस कार्रवाई के जरिए आंदोलन को दबाने के प्रयास सफल नहीं होंगे।
'आप' की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी प्रदर्शन स्थल पर दाखिल हुए और इस कार्रवाई के दौरान कैमरे पर सफेद चादरें डाल दीं। उन्होंने दावा किया कि ऐसा इसलिए किया गया ताकि वांगचुक तथा अन्य प्रदर्शनकारियों के साथ किए गए कथित दुर्व्यवहार को वीडियो में रिकॉर्ड होने से रोका जा सके। 'आप' विधायक संजीव झा ने 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा, ''डर लाजमी है, तानाशाह हमेशा जनआंदोलन से डरता रहा है। जनआंदोलन का अंत करने की कोशिश तानाशाह का अंत करती है।'' दिल्ली पुलिस ने एक बयान में कहा कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह और दिल्ली उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में सोनम वांगचुक को ''आवश्यक चिकित्सकीय देखभाल'' के लिए अस्पताल ले जाया गया।
Similar Post
-
कांवड़ यात्रा के दौरान उच्च क्षमता के तारों की चपेट में आया डीजे कैंटर, पांच झुलसे
अलवर, मंगलवार, 11 अगस्त 2026। राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले के ...
-
हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित
नई दिल्ली, मंगलवार, 11 अगस्त 2026। लोक सभा में विपक्ष ने मंगलवार ...
-
अरुणाचल प्रदेश में लग्जरी कार चोरी गिरोह का भंडाफोड़, चोरी के 15 वाहन बरामद; चार गिरफ्तार
ईटानगर, मंगलवार, 11 अगस्त 2026। अरुणाचल प्रदेश के क्रा दादी जिल ...
