भारतीय नौसेना कोच्चि में 'ऑपरेशन सदर्न रेडीनेस 26-2' आयोजित करेगी
कोच्चि, गुरुवार, 16 जुलाई 2026। भारतीय नौसेना 20 से 23 जुलाई तक कोच्चि स्थित दक्षिणी कमान में 'ऑपरेशन सदर्न रेडीनेस 26-2' का आयोजन करेगी। रक्षा प्रवक्ता ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चार दिवसीय बहुराष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन भारतीय नौसेना के नेतृत्व वाले कंबाइंड टास्क फोर्स-154 (सीटीएफ-154) के तत्वावधान में किया जाएगा। रक्षा प्रवक्ता के बयान के अनुसार, इस कार्यक्रम में कंबाइंड मैरीटाइम फोर्सेज (सीएमएफ) के साझेदार देशों के कर्मी हिस्सा लेंगे। उन्हें समुद्री सुरक्षा से जुड़े क्षेत्रों में प्रशिक्षण, व्यावहारिक अनुभव और श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान का अवसर मिलेगा।
बयान में कहा गया है कि 40 से अधिक देशों की बहुराष्ट्रीय समुद्री साझेदारी कंबाइंड मैरीटाइम फोर्सेज के साथ अपने जुड़ाव के माध्यम से भारतीय नौसेना क्षेत्रीय क्षमता निर्माण और सामूहिक समुद्री सुरक्षा को मजबूत करने में लगातार योगदान दे रही है। बयान के अनुसार, कार्यक्रम में कक्षा आधारित प्रशिक्षण, 'सिम्युलेटर' आधारित प्रशिक्षण और व्यावहारिक अभ्यास शामिल होंगे। इसमें समुद्री कानून, समुद्री क्षेत्र जागरूकता एवं सूचना साझा करना, मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान, बल सुरक्षा, मानवरहित समुद्री प्रणालियों जैसे विषयों पर सत्र आयोजित किए जाएंगे।
रक्षा प्रवक्ता के अनुसार, प्रतिभागियों को आपात स्थिति से निपटने एवं अग्निशमन, समुद्री संचार, समुद्र में जीवित रहने की तकनीक, जहाज पर चढ़ने की प्रक्रिया आदि के साथ ही भारतीय नौसेना के एक पोत पर व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। बयान में कहा गया है कि 'ऑपरेशन सदर्न रेडीनेस 26-2' के माध्यम से भारतीय नौसेना की आधुनिक प्रशिक्षण अवसंरचना, उन्नत प्रशिक्षण पद्धतियों और पेशेवर विशेषज्ञता का प्रदर्शन किया जाएगा। प्रवक्ता ने कहा कि कोच्चि स्थित दक्षिणी नौसैनिक कमान में इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन बहुराष्ट्रीय समुद्री प्रशिक्षण में भारतीय नौसेना की बढ़ती भूमिका को रेखांकित करता है।
Similar Post
-
भारतीय नौसेना कोच्चि में 'ऑपरेशन सदर्न रेडीनेस 26-2' आयोजित करेगी
कोच्चि, गुरुवार, 16 जुलाई 2026। भारतीय नौसेना 20 से 23 जुलाई तक कोच ...
-
कांग्रेस ने त्रिपुरा में जनगणना कार्य से सरकारी शिक्षकों को हटाने की मांग की
अगरतला, गुरुवार, 16 जुलाई 2026। कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को मांग ...
-
छड़ी-मुबारक स्वामी अमरनाथ जी की वार्षिक यात्रा 29 जुलाई को होगी
श्रीनगर, गुरुवार, 16 जुलाई 2026। छड़ी मुबारक स्वामी अमरनाथ जी क ...
