सपा प्रमुख अखिलेश ने सोनम वांगचुक से अनशन खत्म करने की अपील की
लखनऊ, मंगलवार, 14 जुलाई 2026। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को जलवायु कार्यकर्ता एवं शिक्षाविद सोनम वांगचुक से दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी अपना अनिश्चितकालीन अनशन खत्म करने की अपील की। अखिलेश यादव की यह अपील जंतर-मंतर पर 'कॉकरोच जनता पार्टी' (कॉजपा) के विरोध प्रदर्शन के 24वें दिन और सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल के 17वें दिन आई है।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, ''श्री सोनम वांगचुक जी से हमारा अति विनम्र आग्रह और सविनय अपील है कि वह अपना अनशन तोड़ दें। उनका जीवन समस्त विश्व के लिए अनमोल है, क्योंकि उसमें मानवता और पर्यावरण के लिए उतनी ही प्रतिबद्धता है जितनी लोकतंत्र के लिए।'' उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस सरकार को जगाने के लिए वांगचुक आमरण अनशन कर रहे हैं, उससे संवेदनशीलता की उम्मीद करना व्यर्थ है। सपा अध्यक्ष ने कहा कि सत्याग्रह का महत्व वही समझ सकते हैं जिनमें लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति आस्था हो।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सोनम वांगचुक का मनोबल और नैतिकता देशवासियों, युवाओं, लोकतंत्र और पर्यावरण के संघर्ष के लिए प्रेरणा बनी रहे, यही सभी की कामना है। इस बीच, आयोजकों के अनुसार अनिश्चितकालीन अनशन के दौरान सोनम वांगचुक का वजन 8.2 किलोग्राम घट गया है और उनका रक्तचाप भी गिरकर 107/70 एमएमएचजी रह गया है। उनकी रक्तशर्करा का स्तर भी घटकर 67 मिलीग्राम प्रति डेसीलीटर हो गया है। 'कॉकरोच जनता पार्टी' के संस्थापक अभिजीत दीपके ने केंद्र सरकार से प्रदर्शनकारियों की मांगों पर ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि लोगों की जिंदगियां दांव पर लगी हैं।
Similar Post
-
भारत में विनिर्माण कीजिए, दुनिया के लिए बनाइए: सीतारमण
वाशिंगटन, शनिवार, 29 अगस्त 2026। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण न ...
-
खनन कानून संशोधनों को वापस लेने की मांग करें भाजपा सांसद: नवीन पटनायक
भुवनेश्वर, शनिवार, 29 अगस्त 2026। बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष ...
-
नेपाल बाढ़: 287 भारतीय नागरिक लापता, 88 भारतीय नागरिकों को बचाया गया
नई दिल्ली, शनिवार, 29 अगस्त 2026। नेपाल में विनाशकारी बाढ़ के बा ...
