भारत ने ओमान तट के पास वाणिज्यिक पोत पर हमले की निंदा की
नई दिल्ली, रविवार, 12 जुलाई 2026। भारत ने 11 भारतीय नागरिकों को ले जा रहे एक वाणिज्यिक पोत पर ओमान के तट के पास हुए हमले की रविवार को निंदा करते हुए कहा कि क्षेत्र में असैन्य पोतों तथा बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना बंद किया जाना चाहिए। विदेश मंत्रालय ने बताया कि 10 भारतीय नागरिकों को बचा लिया गया है, जबकि एक व्यक्ति के लापता होने की खबर है। मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘हम आज ओमान के तट के पास वाणिज्यिक पोत ‘जीएफएस गैलेक्सी’ पर हुए हमले की निंदा करते हैं। पोत पर सवार 11 भारतीय नागरिकों में से 10 को अब तक बचा लिया गया है, जबकि एक भारतीय नागरिक के लापता होने की खबर है।’’
विदेश मंत्रालय ने कहा कि ओमान में भारतीय दूतावास स्थिति पर करीब से नजर रख रहा है और जारी खोज एवं बचाव अभियान में ओमानी प्राधिकारियों के साथ सक्रिय रूप से समन्वय कर रहा है। मंत्रालय ने कहा, ‘‘हम ओमान के प्राधिकारियों को उनके सहयोग के लिए धन्यवाद देते हैं।’’ उसने कहा कि क्षेत्र में वाणिज्यिक पोतों पर लगातार हो रहे हमले ‘‘बेहद चिंताजनक’’ हैं। विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘हम तनाव तुरंत कम करने और कूटनीतिक समाधान के लिए जारी वार्ता को जल्द पूरा करने की अपनी अपील दोहराते हैं, ताकि क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल हो सके।’’ मंत्रालय ने कहा, ‘‘क्षेत्र में वाणिज्यिक पोतों और असैन्य बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया जाना बंद होना चाहिए। अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप क्षेत्र के अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों से निर्बाध और स्वतंत्र नौवहन तथा व्यापार जल्द से जल्द बहाल किया जाना चाहिए।’’
Similar Post
-
मुझे हिरासत में नहीं लिया गया, मेरा अपहरण किया गया: ध्रुव राठी
नई दिल्ली, रविवार, 11 अक्टूबर 2026। यूट्यूबर ध्रुव राठी ने रविव ...
-
मान ने दिल्ली पुलिस के गुरुद्वारे में जबरन घुसने की निंदा की
चंडीगढ़, रविवार, 11 अक्टूबर 2026। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मा ...
-
पुलिस के देरी से रिहा करने के कारण दादी के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके दीपके: परिवार का दावा
छत्रपति संभाजीनगर/नई दिल्ली, रविवार, 11 अक्टूबर 2026। कॉकरोच जन ...
