'गदर' के 25 साल पूरे होने पर सनी देओल ने जताई खुशी
फिल्म 'गदर' के 25 वर्ष पूरे होने पर अभिनेता सनी देओल ने कहा, "हम सभी को वर्षों तक भरपूर प्यार देने और अपने दिलों में जगह बनाए रखने के लिए आप सभी का धन्यवाद।" फिल्म 'गदर: एक प्रेम कथा' का निर्देशन अनिल शर्मा ने किया था। यह 15 जून 2001 को रिलीज हुई थी और इसमें सनी देओल के साथ अमीषा पटेल ने भी मुख्य भूमिका निभाई थी। फिल्म की कहानी सिख ट्रक चालक तारा सिंह के इर्द-गिर्द घूमती है, जो सकीना नाम की एक मुस्लिम युवती की जान बचाता है और उससे विवाह कर लेता है। इसके बाद अपने परिवार से दोबारा मिलने के लिए उसे राजनीतिक और भौगोलिक बाधाओं सहित कई मुश्किल चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। 'गदर' ने दुनिया भर के बॉक्स ऑफिस पर 133 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की और रिलीज के समय यह भारत की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई। सनी देओल ने सोमवार को अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर फिल्म से जुड़ी कई तस्वीरें साझा कीं और दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कैप्शन में लिखा, "25 साल पहले गदर और तारा सिंह ने आपके दिलों पर राज किया था। 25 साल से प्यार के रिश्ते की गाड़ी चल रही है और आगे भी चलती ही रहेगी।" उन्होंने कहा, "हम सभी को 25 वर्षों तक भरपूर प्यार देने और हमें अपने दिलों में जगह देने के लिए आप सभी का धन्यवाद। उम्मीद है कि हम आगे भी आपके दिलों में बने रहेंगे।" फिल्म का सीक्वल 2023 में रिलीज हुआ, जिसमें सनी देओल और अमीषा पटेल ने फिर से अपने-अपने किरदार निभाए। इस फिल्म को भी काफी सराहा गया और इसने दुनिया भर के बॉक्स ऑफिस पर 600 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की।
Similar Post
-
'नई नवेली' का नया गाना 'फटा पटाखा' रिलीज
आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा की अपकमिंग फिल्म 'नई नवेली' इन दिनों ...
-
संदीपा धर ने आतिश कपाड़िया को दिया कॉमेडी से परिचय कराने का श्रेय
नेटफ्लिक्स की चुंबक अपने मजेदार किरदारों और हल्के-फुल्के हास्य के ...
-
श्रेया सरन ने की 'दृश्यम 3' को-स्टार अजय देवगन की तारीफ
'दृश्यम' फ्रेंचाइजी में अजय देवगन ने विजय सालगांवकर के किरदार से ...
