तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेताओं से एसआईआर पर कड़ी नजर रखने का आग्रह किया
हैदराबाद, मंगलवार, 16 जून 2026। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को गंभीरता से लेने पर जोर देते हुए सत्तारूढ़ कांग्रेस नेताओं से इस प्रक्रिया पर बूथ स्तर तक सतर्क निगरानी रखने का आग्रह किया है। कांग्रेस की प्रदेश इकाई द्वारा सोमवार को डिजिटल माध्यम से आयोजित बैठक में शामिल हुए रेड्डी ने कहा कि 2028 के विधानसभा चुनावों के लिए अंतिम मतदाता सूचियां अक्टूबर 2026 में तैयार की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि यदि इस प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए गए, तो बाद में उन्हें बहाल कराने की गुंजाइश सीमित रह जाएगी, इसलिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को सभी 119 विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्येक गांव और प्रत्येक बूथ के बूथ स्तरीय अधिकारी के संपर्क में रहना चाहिए। कांग्रेस की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, रेड्डी ने कहा कि जिलों के प्रभारी मंत्री 20 जून से पहले प्रत्येक विधानसभा और संसदीय क्षेत्र के पार्टी प्रभारियों के साथ इस प्रक्रिया की समीक्षा करें।
उन्होंने यह भी कहा कि विधानसभा और संसदीय क्षेत्रों के प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में एसआईआर की निगरानी सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री ने बूथ स्तर पर निगरानी रखने और दैनिक रिपोर्ट प्राप्त करने के लिए राज्य कांग्रेस मुख्यालय में एक 'वॉर रूम' स्थापित करने का सुझाव भी दिया। तेलंगाना में मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण 15 जून से शुरू हो चुका है। मतदाता सूची तैयार करने का कार्य 15 से 24 जून तक होगा, जबकि घर-घर जाकर सत्यापन की प्रक्रिया 25 जून से 24 जुलाई तक संचालित की जाएगी। कांग्रेस की तेलंगाना प्रभारी मीनाक्षी नटराजन ने पश्चिम बंगाल में हुए एसआईआर का उदाहरण देते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पूरी सतर्कता बरतने का आह्वान किया।
Similar Post
-
हमारी विदेश नीति को दूसरे देशों के सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं : उमर अब्दुल्ला
श्रीनगर, मंगलवार, 15 सितंबर 2026। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उ ...
-
बिहार कैबिनेट ने 17 प्रस्तावों को दी मंजूरी
- बाढ़ और सिंचाई के लिए आकस्मिकता निधि से 1,000 करोड़ रुपए स्वीकृत< ...
-
दिल्ली को मिलेगा 109.9 एमसीएम अतिरिक्त पानी, यमुना में भी बेहतर होगा जलप्रवाह - रेखा गुप्ता
नई दिल्ली, मंगलवार, 15 सितंबर 2026। दिल्ली सरकार की कैबिनेट ने ' ...
