सोहम शाह की पोस्ट से सामने आई ‘तुम्बाड 2’ की कहानी
अभिनेता-निर्माता सोहम शाह की हालिया सोशल मीडिया पोस्ट के बाद उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘तुम्बाड 2’ की सात वर्षों लंबी तैयारी को लेकर नई जानकारी सामने आई है। सोहम शाह द्वारा साझा की गई एक सेल्फी और उसके साथ लिखे गए कैप्शन ने सोशल मीडिया पर प्रशंसकों का ध्यान आकर्षित किया है। फिल्म से जुड़े सूत्रों के अनुसार, यह कैप्शन केवल एक व्यक्तिगत अभिव्यक्ति नहीं, बल्कि ‘तुम्बाड 2’ के निर्माण की लंबी और चुनौतीपूर्ण यात्रा की झलक भी प्रस्तुत करता है।
सूत्रों के अनुसार , ‘तुम्बाड 2’ पर पिछले सात वर्षों से लगातार काम किया जा रहा है। इनमें से लगभग पांच वर्ष फिल्म की कहानी और पटकथा को विकसित एवं परिष्कृत करने में लगाए गए, जबकि पिछले दो वर्षों में शोध, योजना, डिजाइन और फिल्म की विशिष्ट दुनिया को विस्तार देने पर विशेष ध्यान दिया गया। सूत्र ने बताया कि किसी लोकप्रिय फिल्म के सीक्वल का निर्माण केवल उसकी सफलता को दोहराने का प्रयास नहीं होता, बल्कि उससे जुड़ी दर्शकों की अपेक्षाओं पर खरा उतरना भी एक बड़ी जिम्मेदारी होती है। टीम का उद्देश्य था कि अगला अध्याय भी उसी गुणवत्ता और प्रभाव के साथ दर्शकों के सामने आए, जिसके लिए पहली फिल्म जानी जाती है। फिल्म को जल्दबाजी में बनाने के बजाय कहानी को पर्याप्त समय दिया गया। निर्माण प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में विस्तृत विचार-विमर्श किया गया और छोटी से छोटी बात पर भी गंभीरता से काम किया गया।
सूत्र के अनुसार, सीक्वल का निर्माण केवल दर्शकों की मांग को देखते हुए नहीं किया गया, बल्कि इस बात को प्राथमिकता दी गई कि कहानी की दृष्टि से क्या उचित और आवश्यक है। टीम चाहती थी कि यह फिल्म ‘तुम्बाड’ की स्थापित दुनिया का स्वाभाविक विस्तार लगे और साथ ही उसमें कुछ नया भी जोड़े। पिछले कुछ वर्षों के दौरान फिल्म की कहानी और उसके दृश्य संसार को मजबूत बनाने के लिए पर्दे के पीछे व्यापक स्तर पर कार्य किया गया है। फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों का मानना है कि ‘तुम्बाड 2’ को उसी गंभीरता, समर्पण और सम्मान के साथ तैयार किया जा रहा है, जिसकी पहली फिल्म हकदार थी। सूत्र ने कहा कि पूरी टीम ने इस परियोजना में अपना दिल और जुनून लगाया है और संभवत: यही कारण है कि सोहम शाह की हालिया पोस्ट लोगों के साथ भावनात्मक रूप से जुड़ती दिखाई दे रही है। उल्लेखनीय है कि ‘तुम्बाड 2’ का निर्माण सोहम शाह अपने बैनर सोहम शाह फिल्म्स के तहत कर रहे हैं। फिल्म पेन स्टूडियोज के सहयोग से बनाई जा रही है, जिसके निर्माता डॉ. जयंतीलाल गडा हैं। फिल्म का निर्देशन आदेश प्रसाद कर रहे हैं। ‘तुम्बाड 2’ तीन दिसंबर 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
Similar Post
-
महेश भट्ट ने की टू लिव इज़ वॉर की घोषणा
अभिनेता वीर पहाडिय़ा ने अपनी अगली बड़ी फिल्म नाम – टू लिव इज़ वॉर की ...
-
शहनाज गिल ‘इश्कनामा’ के टीज़र में छा गईं
फिल्म के पहले पोस्टर से जो बज़ शुरू हुआ था, अब शहनाज गिल ने ‘इश्कना ...
-
सोहम शाह की पोस्ट से सामने आई ‘तुम्बाड 2’ की कहानी
अभिनेता-निर्माता सोहम शाह की हालिया सोशल मीडिया पोस्ट के बाद उनकी ब ...
