‘ग्राम चिकित्सालय’ सीजन-2 का ट्रेलर रिलीज
प्राइम वीडियो ने अपनी बहुप्रतीक्षित कॉमेडी-ड्रामा सीरीज़ ‘ग्राम चिकित्सालय’ के दूसरे सीजन का ट्रेलर जारी कर दिया है। द वायरल फीवर (टीवीएफ) द्वारा निर्मित यह सीरीज़ 23 जून को भारत सहित दुनिया के 240 देशों और क्षेत्रों में प्राइम वीडियो पर हिंदी में स्ट्रीम होगी। निर्माताओं के अनुसार, नए सीजन में डॉ. प्रभात की कहानी को आगे बढ़ाया गया है, जो भठकंडी गांव के बदहाल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को आदर्श पीएचसी में बदलने के मिशन में जुटे हैं। हालांकि उन्हें जल्द ही एहसास होता है कि गांव की समस्याओं का समाधान केवल दवाइयों और चिकित्सा सुविधाओं से नहीं किया जा सकता।
ललितम तिवारी के निर्देशन में बनी इस सीरीज़ की कहानी वैभव सुमन और श्रेया श्रीवास्तव ने लिखी है, जबकि इसे दीपक कुमार मिश्रा और अरुणाभ कुमार ने विकसित किया है। सीरीज़ में अमोल पाराशर, आकाश मखीजा, आनंदेश्वर द्विवेदी, विनय पाठक, आकांक्षा रंजन कपूर और गरिमा विक्रांत सिंह अपने पुराने किरदारों में लौट रहे हैं। वहीं अभिनेता दिनेश लाल यादव इस सीजन में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते नजर आएंगे। ट्रेलर में दिखाया गया है कि डॉ. प्रभात को गांव वालों की सोच, स्थानीय राजनीति, संसाधनों की कमी और प्रशासनिक चुनौतियों से जूझना पड़ता है। इसके बावजूद वह अस्पताल को नई पहचान दिलाने की कोशिश जारी रखते हैं।
सीरीज़ में मुख्य भूमिका निभा रहे अमोल पाराशर ने कहा कि नए सीजन में उनके किरदार का सफर कई अप्रत्याशित मोड़ों से गुजरता है। उन्होंने कहा कि यह शो ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की वास्तविक चुनौतियों को हास्य और भावनाओं के साथ प्रस्तुत करता है, जिससे यह हर वर्ग के दर्शकों से जुड़ता है। विनय पाठक ने कहा कि ‘ग्राम चिकित्सालय’ गांव के जीवन और वहां की स्वास्थ्य व्यवस्था की वास्तविक तस्वीर को संवेदनशील और मनोरंजक अंदाज में प्रस्तुत करता है। वहीं आकांक्षा रंजन कपूर ने कहा कि नया सीजन ग्रामीण अस्पतालों की बदहाली, स्थानीय राजनीति और आम लोगों की चुनौतियों को नए दृष्टिकोण से सामने लाता है। दिनेश लाल यादव ने कहा कि उन्हें इस सीरीज़ का हिस्सा बनकर खुशी है क्योंकि यह ग्रामीण भारत की वास्तविक समस्याओं और सामाजिक ताने-बाने को सहज एवं मनोरंजक ढंग से दर्शाती है।
Similar Post
-
'काला हिरण' फिल्म विवाद : हाईकोर्ट पहुंचे सलमान खान
- रिलीज पर रोक लगाने को दायर की याचिका
अभिनेता सलमान ...
-
‘ग्राम चिकित्सालय’ सीजन-2 का ट्रेलर रिलीज
प्राइम वीडियो ने अपनी बहुप्रतीक्षित कॉमेडी-ड्रामा सीरीज़ ‘ग्राम ...
-
20 साल से रोजाना योगासन कर रहीं जूही चावला
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मद्देनजर भारत सरकार का आयुष मंत्रालय लग ...
