दक्षिण लेबनान में इजराइली हवाई हमले में कई लेबनानी सैनिकों समेत नौ लोगों की मौत
बेरूत, शनिवार, 06 जून 2026। दक्षिणी लेबनान में इजराइली हवाई हमलों में तीन लेबनानी सैनिकों समेत नौ लोगों की मौत हो गई। लेबनानी सेना और सरकारी मीडिया ने यह जानकारी दी। हमला दोनों पक्षों के बीच नए युद्धविराम समझौते के कुछ दिन बाद हुआ है। सेना ने कहा कि सुबह नबातियेह शहर को मरजायूं कस्बे से जोड़ने वाली सड़क पर हुए एक हवाई हमले में एक ब्रिगेडियर जनरल, एक कैप्टन और एक अन्य सैनिक की मौत हो गई। हालांकि, सेना ने उनके नाम सार्वजनिक नहीं किए। सरकारी समाचार एजेंसी नेशनल न्यूज ने बताया कि सक्साकियाह गांव में हुए एक अन्य हवाई हमले में छह लोगों की मौत हो गई और चार व्यक्ति घायल हो गए। सेना ने बयान में कहा, "लेबनान, उसके लोगों और सेना के खिलाफ इजराइल की लगातार, जानबूझकर और बार-बार की जाने वाली आक्रामकता केवल हमारे संकल्प, विश्वास और दृढ़ निश्चय को और मजबूत करती है।"
सेना ने कहा कि इजराइल के हमलों का उद्देश्य स्थिरता बहाल करने, व्यापक युद्धविराम स्थापित करने और कब्जे वाले लेबनानी क्षेत्रों से इजराइल की वापसी का मार्ग प्रशस्त करने के प्रयासों को विफल करना है। हमले में लेबनान के सैनिकों की मौत होने पर इजराइली सेना की ओर से तत्काल कोई टिप्पणी नहीं आई। हाल में अमेरिका की मध्यस्थता में इज़राइल और लेबनान सरकार के बीच हुई बातचीत के बाद संघर्ष विराम समझौता लागू हुआ था। लेबनान सरकार का आरोप है कि हिज्बुल्ला ने देश को युद्ध में धकेल दिया है और सरकार उसे निरस्त्र करने के प्रयास कर रही है। हालांकि, हिज्बुल्ला ने इस युद्धविराम को स्वीकार नहीं किया है।
हमलों से एक दिन पहले लेबनान के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने लेबनान सरकार और इज़राइल के बीच हुए नवीनतम युद्धविराम समझौते का विरोध करने के लिए ईरान की आलोचना की थी। उन्होंने कहा था कि ईरान को अमेरिका के साथ बातचीत में उनके देश को "सौदेबाजी का मोहरा" नहीं बनाना चाहिए। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने शनिवार को 'एक्स' पर एक पोस्ट में जवाब देते हुए कहा कि लेबनानी राष्ट्रपति जोसेफ ओउन की टिप्पणियों के बाद "ऐसा लगता है मानो ईरान ने लेबनान के पांचवें हिस्से पर कब्जा कर लिया हो, एक-चौथाई लेबनानियों को विस्थापित कर दिया हो और प्रतिदिन उनके देश पर बमबारी कर रहा हो।" अरागची ने इजराइल का संदर्भ देते हुए कहा, "यदि लेबनान ईरान के लिए सौदेबाजी का मोहरा होता, तो हमारे बीच बहुत पहले ही समझौता हो गया होता। श्रीमान राष्ट्रपति, लेबनान को उसके वास्तविक दुश्मन से बचाइए।"
Similar Post
-
यूएई ने जहाजों पर हमलों के बाद ईरान के साथ सभी व्यापारिक और वित्तीय संबंध तोड़े
अबू धाबी/तेहरान, गुरुवार, 20 अगस्त 2026। संयुक्त अरब अमीरात (यूए ...
-
अमेरिका में आव्रजन कार्रवाई के बीच नापा ने भारतीय प्रवासियों के लिए पारदर्शिता की मांग की
चंडीगढ़, रविवार, 09 अगस्त 2026। उत्तर अमेरिकी पंजाबी एसोसिएशन ( ...
-
बर्लिन की ‘प्राइड परेड’ में वैन ने लोगों को कुचला, एक की मौत, 16 घायल; संदिग्ध की पहचान हुई
बर्लिन, रविवार, 26 जुलाई 2026। जर्मनी की राजधानी बर्लिन में शनि ...
