विजय की कैबिनेट की पहली बैठक में 436 परियोजनाओं का खाका जारी किया गया: तमिलनाडु के मंत्री
चेन्नई, शुक्रवार, 05 जून 2026। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली कैबिनेट की शुक्रवार को हुई पहली बैठक में विभिन्न सरकारी विभागों से जुड़ी 436 लक्षित परियोजनाओं का व्यापक खाका पेश किया गया। राज्य के विद्युत मंत्री सीटीआर निर्मल कुमार ने यह जानकारी दी। कुमार ने बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा कि मुख्यमंत्री ने हर विभाग के लिए विशिष्ट और दीर्घकालिक लक्ष्य तय किए हैं तथा कल्याणकारी एवं विकास योजनाओं को समयबद्ध तरीके से लागू करने पर जोर दिया है। कुमार ने कहा, ''मुख्यमंत्री विजय ने आज अपनी पहली कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता की और सभी विभागों के लिए स्पष्ट एवं दूरदर्शी दिशा तय की। इस प्रशासन के कामकाज की दिशा तय करने के लिए कुल 436 विशिष्ट परियोजनाओं और लक्ष्यों की रूपरेखा तैयार की गई है।''
मंत्री ने कहा कि विभागीय योजनाओं में तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के चुनावी घोषणापत्र में किए गए वादों को मुख्य रूप से शामिल किया गया है। उन्होंने कहा, ''संबंधित मंत्री और प्रत्येक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी इन योजनाओं का विस्तृत आकलन करेंगे, उन्हें लागू करने की रणनीति तैयार करेंगे और इनके प्रभावी क्रियान्वयन की समयसीमा तय करेंगे। अंतिम मंजूरी के लिए मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुति दी जाएगी।'' मंत्री के अनुसार, कैबिनेट बैठक में विकास को गति देने और युवाओं एवं महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने को प्राथमिकता दी गई।
उन्होंने बताया कि बैठक में किसानों के लिए मजबूत कल्याणकारी योजना बनाने, औद्योगिक विस्तार को बढ़ावा देने और सार्वजनिक सेवा के सभी स्तरों पर पारदर्शी एवं भ्रष्टाचार मुक्त शासन सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। कुमार ने कहा कि ''नशा मुक्त तमिलनाडु'' बनाना प्रशासन की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि सरकार ने तमिलनाडु राज्य विपणन निगम (टीएएसएमएसी) की 117 शराब दुकानों को बंद करने का आदेश देकर पहले ही निर्णायक कदम उठाया है।
कुमार ने कहा, ''हम इस बात से पूरी तरह अवगत हैं कि पिछले कुछ वर्षों में मादक पदार्थों, गांजा और गुटखा जैसे प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों का प्रसार बढ़ा है, जिससे स्कूली छात्र भी प्रभावित हुए हैं। मुख्यमंत्री ने पुलिस और संबंधित विभागों को अवैध मादक पदार्थ नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के कड़े निर्देश दिए हैं।'' उन्होंने कहा कि रोजाना व्यापक छापेमारी की जा रही है और केवल मदुरै में ही एक सप्ताह के भीतर 24 से अधिक दुकानों को सील किया गया। प्रस्तावित परंदूर हवाई अड्डा परियोजना और अन्य औद्योगिक परियोजनाओं पर सरकार के रुख के बारे में पूछे जाने पर मंत्री ने कहा कि सरकार उचित समय पर विस्तृत नीतिगत घोषणाएं करेगी। विजय ने सत्ता में आने से पहले परंदूर हवाई अड्डा परियोजना के खिलाफ प्रदर्शन किया था।
Similar Post
-
अल्कोहल की 12 प्रतिशत से अधिक मात्रा वाली दवाइयों के लिए लाइसेंस अनिवार्य
नई दिल्ली, शुक्रवार, 10 जुलाई 2026। केंद्र ने उन दवाओं को लाइसें ...
-
राम मंदिर चढ़ावा विवाद की जांच संबंधी याचिकाओं पर 13 जुलाई को सुनवाई करेगा न्यायालय
नई दिल्ली, शुक्रवार, 10 जुलाई 2026। उच्चतम न्यायालय अयोध्या स्थ ...
-
मुंबई-पुणे रेल मार्ग बाधित: मध्य रेलवे ने 30 ट्रेन 17 जुलाई तक रद्द कीं
मुंबई, शुक्रवार, 10 जुलाई 2026। भोर घाट खंड में हुए भूस्खलन के बा ...
