गुजरात में आय से अधिक संपत्ति के मामले में एक अधिकारी गिरफ्तार, 2.64 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त
अहमदाबाद, सोमवार, 01 जून 2026। गुजरात में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने तलाशी के दौरान 2. 64 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी, सोना, चांदी और अन्य कीमती समान बरामद किए जाने के बाद आय से अधिक संपत्ति के मामले में राज्य सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी को गिरफ्तार किया है। एसीबी ने सोमवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि आरोपी ए बी चौधरी प्रथम श्रेणी के अधिकारी हैं और गांधीनगर के उद्योग भवन में मुख्य विद्युत निरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। एसीबी ने बताया कि उनके पास उनकी ज्ञात आय के स्रोतों से अधिक संपत्ति पाई गई है। एसीबी अधिकारियों ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि चौधरी व्यापारियों और आवेदकों से रिश्वत लेकर अनिवार्य स्थल निरीक्षण किए बिना ही सौर परियोजनाओं के लिए अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) जारी कर रहे थे। उन्होंने बताया कि कार्यालय समय समाप्त होने के बाद चौधरी कथित तौर पर अपने सरकारी वाहन में रिश्वत की रकम एकत्र करते हुए घर जा रहे थे।
एक अधिकारी ने कहा, ''सूचना के आधार पर एसीबी की एक टीम ने शनिवार को देर शाम घर जाते समय उनके सरकारी वाहन को रोका। वाहन की तलाशी के दौरान एसीबी ने 5.51 लाख रुपये नकद और उपहार वाउचर बरामद किए। चौधरी इनके बारे में संतोषजनक स्पष्टीकरण देने में विफल रहे।'' एसीबी ने बताया कि सरकारी वाहन और गांधीनगर तथा सूरत स्थित उनके दो आवासों की तलाशी में 2.64 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई जिसमें 1.76 करोड़ रुपये नकद और लगभग 88.82 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण शामिल हैं। प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि 31 मई को गांधीनगर स्थित एसीबी पुलिस थाने में उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
Similar Post
-
महाराष्ट्रः बीड में बस और कार की भीषण टक्कर, 5 लोगों की घटनास्थल पर मौत
बीड, रविवार, 18 अक्टूबर 2026। महाराष्ट्र के बीड जिले के माजलगां ...
-
लखनऊ में लगे विवादित पोस्टर पर भड़की सपा, कहा-अखिलेश की लोकप्रियता से घबराई भाजपा
लखनऊ, रविवार, 18 अक्टूबर 2026। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के 1090 ...
-
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ यमुना सफाई अभियान में भाग लिया
नई दिल्ली, रविवार, 18 अक्टूबर 2026। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा ...
