मृणाल ने दिया खास प्रोजेक्ट का हिंट

img

अभिनेत्री मृणाल ठाकुर इन दिनों अपनी आगामी कॉमेडी फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' की रिलीज का इंतजार कर रही हैं। इस बीच उन्होंने खुलासा किया है कि वह किसी 'बहुत खास' प्रोजेक्ट के लिए डबिंग कर रही हैं और जल्द ही इसकी घोषणा करेंगी। मृणाल ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी सेक्शन पर डबिंग स्टूडियो से एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह कहती नजर आ रही हैं, 'ऑल राइट, लेट्स गो!' उन्होंने वीडियो के साथ लिखा, 'कुछ बहुत-बहुत खास के लिए डबिंग कर रही हूं! उस जादू को देखने का इंतजार नहीं कर सकती, जिसे हमने बनाया है।

मेरा दिल बेहद भावुक है और मैं भगवान की बहुत आभारी हूं! जल्द ही घोषणा करूंगी।' 'है जवानी तो इश्क होना है' जून में रिलीज होने जा रही है। डेविड धवन के निर्देशन में बनी यह फिल्म एक ऐसे लड़के की कहानी है, जिसे कई लड़कियों ने रिजेक्ट कर दिया था। वह अकेलेपन के साथ जिंदगी बिता रहा था लेकिन फिर कुछ ऐसा होता है कि उसके जीवन में बड़े बदलाव आते हैं। जो लोग नहीं जानते, उन्हें बता दें कि 'है जवानी तो प्यार होना है' डेविड धवन की फिल्म 'बीवी नंबर 1' का एक सुपरहिट गाना है, जिसमें सलमान खान, करिश्मा कपूर और सुष्मिता सेन नजर आए थे। माना जा रहा है कि आने वाली इस फिल्म का नाम इसी लोकप्रिय गाने से प्रेरित है। यह डेविड धवन की आखिरी फिल्म होगी। उन्होंने हिंदी सिनेमा में अपने करियर की शुरुआत 1989 में फिल्म 'ताकतवर' से की थी।

डेविड धवन ने अपने करियर में 45 फिल्मों का निर्देशन किया है। इनमें आंखें, बीवी नंबर 1, जुड़वा, कुली नंबर 1, हीरो नंबर 1, दीवाना मस्ताना, शोला और शबनम, राजा बाबू, बड़े मियां छोटे मियां, हसीना मान जाएगी, दुल्हन हम ले जाएंगे, मुझसे शादी करोगी, मैंने प्यार क्यों किया?, पार्टनर, चश्मे बद्दूर और मैं तेरा हीरो जैसी फिल्में शामिल हैं। वहीं, मृणाल ठाकुर ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत टेलीविजन से की थी। वह 'मुझसे कुछ कहती... ये खामोशियां' और 'कुमकुम भाग्य' जैसे टीवी शो में नजर आई थीं। उन्होंने 2018 में फिल्म 'लव सोनिया' से हिंदी फिल्मों में डेब्यू किया था। इसके बाद वह 'सुपर 30', 'बाटला हाउस', सीता रामम' और 'हाय नन्ना जैसी फिल्मों में नजर आ चुकी हैं।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement