विजयन के आवास पर छापे के बाद ईडी अधिकारियों पर हमले के मामले में आठ लोग गिरफ्तार

img

तिरुवनंतपुरम, गुरुवार, 28 मई 2026। केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के आवास पर छापेमारी करने पहुंचे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों के वाहनों पर हुए हिंसक हमले के सिलसिले में अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। राज्य पुलिस प्रमुख रावदा ए चंद्रशेखर ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। गृह मंत्री रमेश चेन्निथला से उनके आवास पर मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में चंद्रशेखर ने कहा कि घटना की जांच सही दिशा में आगे बढ़ रही है और हिंसा में शामिल कई अन्य लोगों की भी पहचान कर ली गई है।

पुलिस प्रमुख ने बताया कि उन्होंने गृह मंत्री से छापेमारी टीमके खिलाफ हिंसा के मुद्दे पर चर्चा की। रावदा ने कहा, ‘‘उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और हमने कई अन्य लोगों की पहचान भी कर ली है।’’  उन्होंने बताया कि बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय की छापेमारी की सूचना मिलने के बाद विजयन के आवास के आसपास विभिन्न स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। चंद्रशेखर ने कहा कि पुलिस को छापेमारी की पूर्व सूचना नहीं दी गई थी।

उन्होंने कहा, ‘‘ईडी ने हमें सूचित नहीं किया था, लेकिन जैसे ही कार्रवाई शुरू हुई, हमने कदम उठाए और सुरक्षाकर्मी तैनात कर दिए।’’ ईडी अधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों पर कथित हमले के बाद केरल पुलिस ने लगभग 300 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की कई धाराओं के तहत दर्ज किया गया है, जिनमें गैरकानूनी रूप से एकत्र होना, दंगा, लोक सेवकों पर हमला, गलत तरीके से रोकना और हत्या के प्रयास जैसी धाराएं शामिल हैं। सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान से संबंधित कानून के तहत भी आरोप लगाए गए हैं।

सबसे गंभीर आरोपों में बीएनएस की धारा 109 के तहत हत्या के प्रयास का मामला शामिल है, जिसमें 10 साल तक की सजा या गंभीर चोट लगने पर आजीवन कारावास का प्रावधान है। म्यूजियम थाने में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, भीड़ के कुछ सदस्यों ने प्रवर्तन निदेशालय की टीम के साथ जा रहे अधिकारियों पर डंडों से हमला किया, जिससे एक अधिकारी के हाथ में चोट लगी। प्राथमिकी में कहा गया है कि वाहनों पर पत्थर और ईंटें फेंकी गईं, जिससे एक कार के चालक को गंभीर चोटें आईं। प्राथमिकी के अनुसार, स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और केरल पुलिस के सुरक्षा कर्मियों पर भी हमला किया गया। हिंसा के दौरान कई अधिकारी घायल हुए।

पुलिस ने बताया कि हमलावरों ने सरकारी वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया, जिससे लगभग तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ। अधिकारियों ने कहा कि आरोपियों की पहचान हो चुकी है, हालांकि अभी तक सभी गिरफ्तारियां नहीं हुई हैं और जांच जारी है। ईडी की छापेमारी विजयन की बेटी की कंपनी और एक रेत खनन कंपनी के बीच हुए वित्तीय लेन-देन से जुड़ी थी। विजयन की बेटी वीणा से जुड़े कोचीन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) धन शोधन मामले की जांच के तहत बुधवार को केरल में कुल 10 स्थानों पर ईडी ने छापेमारी की थी। इनमें बेकरी जंक्शन स्थित विजयन का किराये का मकान और कन्नूर स्थित उनका स्थायी आवास भी शामिल था।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement