केंद्र अपनी विफलताओं के लिए पश्चिम एशिया संघर्ष को जिम्मेदार ठहराएगा: ईंधन के दाम में वृद्धि पर मान

img

चंडीगढ़, मंगलवार, 19 मई 2026। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को केंद्र सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि अब वह अपनी सभी ''विफलताओं'' के लिए पश्चिम एशिया संघर्ष को जिम्मेदार ठहराएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अर्थव्यवस्था की वास्तविक स्थिति लोगों से छिपाते हुए देश को ''अघोषित लॉकडाउन'' की ओर ले जा रही है। ईंधन की कीमतों में एक और बढ़ोतरी के बारे में पूछे गए एक सवाल का जवाब देते हुए मान ने कहा, ''वे इसे कई गुना बढ़ा देंगे। असल में, (प्रधानमंत्री नरेन्द्र) मोदी जी अब हर चीज के लिए युद्ध को दोषी ठहराएंगे। वह कहेंगे कि युद्ध हो रहा है।'' संगरूर के सतोज गांव में भूमिगत बिजली तारों की प्रायोगिक परियोजना की शुरूआत करने के बाद मुख्यमंत्री संवाददाताओं से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को देश की जनता को ईंधन और एलपीजी के भंडार की जानकारी देनी चाहिए। उन्होंने केंद्रीय मंत्रियों के उस दावे पर भी सवाल उठाया जिसमें कहा गया था कि ईंधन की कीमतों में कोई वृद्धि नहीं होगी।

मान ने कहा, ''कई राज्यों में विधानसभा चुनाव संपन्न होने के तुरंत बाद, अब वे देश को बचाने की बात करने लगे हैं। लेकिन चुनाव से पहले देश की स्थिति अच्छी थी।'' उन्होंने ईंधन की कीमतों में वृद्धि के लिए विफल आर्थिक और विदेश नीति को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा, ''धीरे-धीरे वे हर चीज पर प्रतिबंध लगा रहे हैं। वे कार मालिकों से वाहन का इस्तेमाल नहीं करने को कह रहे हैं, लोगों से दफ्तर न जाने और घर से काम करने, सोना नहीं खरीदने, समारोह आयोजित नहीं करने को कह रहे हैं।'' मुख्यमंत्री ने कहा, ''आपको स्पष्ट रूप से कहना चाहिए कि देश में लॉकडाउन लागू करना है। यह केंद्र सरकार की पूर्ण विफलता है।''

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विदेश यात्राओं पर कटाक्ष करते हुए मान ने पूछा, ''जब वह विदेश जाते हैं, तो वहां क्या करते हैं? क्या उन्होंने कभी हमें इसकी जानकारी दी है? क्या उन्होंने पिछले 14 वर्षों में कभी कोई संवाददाता सम्मेलन किया है?'' उन्होंने कहा, ''ईरान में युद्ध हो रहा है। अमेरिका, इजराइल, फलस्तीन, लेबनान आपस में लड़ रहे हैं। लेकिन हमारे देश में प्रतिबंध क्यों लगाए गए हैं? नेपाल, श्रीलंका, बांग्लादेश में ऐसे प्रतिबंध क्यों नहीं लगाए गए? केवल भारत में ही क्यों?''
 

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement