सीबीएसई के 12वीं कक्षा के परिणाम में 85 प्रतिशत से अधिक छात्र उत्तीर्ण, पिछले साल से गिरावट
नई दिल्ली, मंगलवार, 13 मई 2026। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम बुधवार को घोषित किए गए। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इस साल 85 प्रतिशत से अधिक विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। परिणाम से पता चलता है कि पिछले साल के मुकाबले इस साल उत्तीर्ण होने वाले छात्रों का प्रतिशत तीन प्रतिशत से अधिक कम हो गया है। परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज ने बताया कि 85 प्रतिशत से अधिक विद्यार्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण की है। कुल 94,028 बच्चों (कुल विद्यार्थियों का 5.32 प्रतिशत) ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए हैं, वहीं 17,113 बच्चों (कुल विद्यार्थियों का 0.97 प्रतिशत) ने 95 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं। उन्होंने बताया कि 1,63,800 अधिक विद्यार्थियों को 'कंपार्टमेंट' श्रेणी में रखा गया है, जो पिछले साल के मुकाबले करीब दो प्रतिशत ज्यादा है। पिछले साल 1,29,095 विद्यार्थी इस श्रेणी में थे। इसका मतलब हुआ कि ये छात्र मुख्य बोर्ड परीक्षा में एक या दो विषयों में अनुत्तीर्ण हुए हो सकते हैं लेकिन अन्य विषयों में उत्तीर्ण हो गए।
इस बार की परीक्षा में लड़कियों ने एक बार फिर बाजी मारी और लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया है। लड़कियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 88.86 प्रतिशत रहा, जबकि लड़कों का उत्तीर्ण प्रतिशत 82.13 प्रतिशत रहा। ट्रांसजेंडर श्रेणी के विद्यार्थियों की उत्तीर्ण दर शत प्रतिशत रही। सीबीएसई ने पहली बार 'ऑन स्क्रीन मार्किंग'(ओएसएम) के ज़रिए 12वीं कक्षा की उत्तर-पुस्तिकाओं का पूर्णरूपेण मूल्यांकन किया। अधिकारियों ने कहा कि जिन विद्यार्थियों का 'कंपार्टमेंट' आया है या जो एक विषय में अपना प्रदर्शन सुधारना चाहते हैं, वे 15 जुलाई को होने वाली अनुपूरक परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। आज घोषित परिणाम सीबीएसई की वेबसाइट या डिजिलॉकर पर देखा जा सकता है।
Similar Post
-
एनसीईआरटी की नौवीं कक्षा में एसआईआर को शामिल किया गया
नई दिल्ली, शुक्रवार, 26 जून 2026। राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और ...
-
मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय ने राज्य सेवा परीक्षा-2025 की मुख्य परीक्षा पर लगी रोक हटाई
जबलपुर, शुक्रवार, 19 जून 2026। मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय ने मध्य ...
