जैकलीन फर्नांडीस ने धनशोधन मामले में सरकारी गवाह बनने की अपनी याचिका वापस ली
अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीस ने कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये के धनशोधन मामले में सरकारी गवाह बनने की अपनी याचिका मंगलवार को वापस ले ली। यह जानकारी अदालती सूत्रों ने दी। फर्नांडीस के वकील ने पुष्टि की कि उन्होंने विशेष न्यायाधीश प्रशांत शर्मा के समक्ष दायर याचिका वापस ले ली है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज की याचिका का विरोध करते हुए सोमवार को कहा था कि आरोपी सुकेश चंद्रशेखर के आपराधिक इतिहास की जानकारी होने के बावजूद वह उसके संपर्क में बनी रही।
ईडी ने जैकलीन की याचिका पर अपने जवाब में कहा, ''याचिकाकर्ता (जैकलीन) आरोपी नंबर एक सुकेश चंद्रशेखर की आपराधिक पृष्ठभूमि की जानकारी होने के बावजूद उससे नियमित संपर्क में रहीं। एजेंसी ने कहा कि सुकेश ने 'अपराध की आय' से याचिकाकर्ता के लिए सभी लाभ, उपहार और वस्तुएं सावधानीपूर्वक व्यवस्थित कीं।
एजेंसी ने कहा कि संचार के कई माध्यमों से लगातार संपर्क और लाभ प्राप्त करना जैकलीन के "अनभिज्ञ पीड़ित" होने के दावे को खारिज करता है और इसके बजाय मुख्य अपराधी के साथ जान-बूझ कर उसकी संलिप्तता को उजागर करता है। एजेंसी के अनुसार, अभिनेत्री ने अपराध से प्राप्त धन का उपयोग स्वयं और अपने परिवार के सदस्यों के लिए किया। एजेंसी ने कहा कि उनका दावा कि वह पीड़िता हैं, रिकॉर्ड के साक्ष्यों के विपरीत है। जांच के सिलसिले में ईडी द्वारा कई बार तलब की गई अभिनेत्री को एजेंसी द्वारा दायर पूरक आरोपपत्र में पहली बार आरोपी बनाया गया था।
तीन जुलाई, 2025 को दिल्ली उच्च न्यायालय ने धनशोधन मामले में प्रवर्तन केस सूचना रिपोर्ट (ईसीआईआर) को रद्द करने की उनकी याचिका खारिज कर दी। दो महीने बाद, उच्चतम न्यायालय ने उच्च न्यायालय के आदेश में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया। दिल्ली पुलिस ने चंद्रशेखर पर रैनबैक्सी के पूर्व प्रवर्तक शिविंदर सिंह और मालविंदर सिंह की पत्नियों से 200 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया था। देश भर में कई अन्य मामलों में भी उनके खिलाफ जांच जारी है।
Similar Post
-
आवारापन 2 के टीजऱ में दिखा दिशा पाटनी का नया अंदाज
बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी की आगामी फिल्म आवारापन 2 का टीजऱ रिलीज ...
-
ओरी ने दिखाई नीता अंबानी और ईशा अंबानी के वेनिस सेलिब्रेशन के पर्दे के पीछे की खास झलक
सोशल मीडिया पर्सनैलिटी ओरी ने एक बार फिर अपने खास हास्य अंदाज़ से स ...
-
मैसा के BTS फोटो ने बढ़ाया क्रेज
पैन इंडिया स्टार रश्मिका मंदाना की आगामी फिल्म मैसा की शूटिंग से जु ...
