राकांपा (शप) नेता ने किसानों की आत्महत्याओं, बढ़ते अपराध को लेकर महाराष्ट्र सरकार की आलोचना की
मुंबई, शनिवार, 09 मई 2026। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-शरदचंद्र पवार (राकांपा-शप) के वरिष्ठ नेता जयंत पाटिल ने शनिवार को किसानों की आत्महत्याओं और महिलाओं के खिलाफ अपराधों को लेकर महाराष्ट्र सरकार की कड़ी आलोचना की। पाटिल ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी गठबंधन के नेताओं ने ''भ्रष्टाचार में पीएचडी'' हासिल कर ली है। उन्होंने एक बयान में दावा किया कि यद्यपि भाजपा 17 राज्यों में सत्ता में है, लेकिन महाराष्ट्र भ्रष्टाचार और किसान आत्महत्या, दोनों मामलों में देश में पहले स्थान पर और महिलाओं के खिलाफ अपराधों में दूसरे स्थान पर है। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) की नवीनतम रिपोर्ट के आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष महाराष्ट्र में 3,824 किसानों ने आत्महत्या की, जिससे राज्य इस मामले में देश में शीर्ष पर है।
उन्होंने आरोप लगाया, ''इसी अवधि के दौरान राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराध के कुल 47,954 मामले दर्ज किए गए, जिससे महाराष्ट्र देश में दूसरे स्थान पर आ गया। भ्रष्टाचार में राज्य 721 मामलों के साथ पहले स्थान पर रहा। सत्ताधारी गठबंधन के नेताओं ने भ्रष्टाचार में पीएचडी हासिल कर ली है।'' राकांपा (शप) नेता ने कहा कि 'महायुति' सरकार ने महाराष्ट्र की एक महान और पवित्र भूमि के रूप में स्थापित पहचान को मिटा दिया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने राज्य विधानसभा में किसानों की आत्महत्याओं, महिलाओं के खिलाफ अपराधों और भ्रष्टाचार के मुद्दों को बार-बार उठाया, लेकिन सरकार से कोई संतोषजनक प्रतिक्रिया नहीं मिली है।
Similar Post
-
थरूर ने इजराइल-फलस्तीन मुद्दे पर राहुल के रुख का समर्थन किया
तिरूवनंतपुरम, सोमवार, 23 नवम्बर 2026। कांग्रेस सांसद शशि थरूर न ...
-
विदेश यात्राओं पर लगे आरोपों को पटनायक ने बताया ‘झूठा’, उचित जवाब देने की बात कही
भुवनेश्वर, सोमवार, 23 नवम्बर 2026। ओडिशा सरकार द्वारा 2022 से 2024 के ...
-
कश्मीर के कई इलाकों में बढ़ी ठंड, शोपियां में पारा शून्य से 3.9 डिग्री सेल्सियस नीचे
श्रीनगर, सोमवार, 23 नवम्बर 2026। कश्मीर के कई इलाकों में रविवार ...
