संजीव अरोड़ा के खिलाफ छापेमारी: भगवंत मान ने केंद्र की आलोचना की

img

चंडीगढ़, शनिवार, 09 मई 2026। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा शनिवार को छापेमारी किए जाने के बाद केंद्र सरकार पर निशाना साधा। मान ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)-नीत केंद्र सरकार पर अपने राजनीतिक मकसद पूरे करने के लिए ईडी और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) जैसी एजेंसियों को ''हथियार'' के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री मान ने संगरूर में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग जैसी एजेंसियां ''भाजपा के पास मौजूद वे चार-पांच हथियार हैं, जिनका राजनीतिकरण कर दिया गया है।''

मान ने कहा, ''वे लंबे समय से अपनी राजनीति के लिए इनका इस्तेमाल कर रहे हैं। चाहे महाराष्ट्र हो या ओडिशा, बिहार हो या कर्नाटक अथवा पश्चिम बंगाल। अब पंजाब उनके निशाने पर है।'' अधिकारियों ने बताया कि प्रवर्तन निदेशालय ने धनशोधन से जुड़ी जांच के तहत पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा और उनसे कथित रूप से जुड़े कुछ अन्य लोगों के परिसरों पर शनिवार को फिर से छापे मारे। अधिकारियों ने बताया कि छापेमारी की कार्रवाई पांच परिसरों में की गई, जिनमें आम आदमी पार्टी (आप) के नेता अरोड़ा का चंडीगढ़ स्थित आधिकारिक आवास भी शामिल है।

छापेमारी दिल्ली और हरियाणा के गुरुग्राम स्थित परिसरों में भी की गई। इनमें 'हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड' नामक कंपनी का परिसर भी शामिल है। अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय एजेंसी द्वारा धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) की आपराधिक धाराओं के तहत नया मामला दर्ज किए जाने के बाद ये छापेमारी की गई। ईडी ने अप्रैल में विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के दीवानी प्रावधानों के तहत अरोड़ा और उनसे जुड़ी इकाइयों के परिसरों पर छापे मारे थे।

अरोड़ा (62) लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट से विधायक हैं। मान ने भाजपा-नीत केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, ''छापे मारने के पीछे उनका मकसद कोई काला धन या कोई अवैध दस्तावेज ढूंढना नहीं है। उनका मकसद होता है कि जिस व्यक्ति के परिसर पर छापा मारा गया है, उस तक यह संदेश पहुंच जाए कि भाजपा में शामिल हो जाओ और सब माफ कर दिया जाएगा।'' मान ने कहा कि पिछले महीने राज्यसभा सदस्य अशोक मित्तल से जुड़ी कारोबारी इकाइयों पर ईडी ने छापे मारे थे।

उन्होंने कहा, ''कुछ दिन पहले अशोक मित्तल के परिसरों पर दो दिन तक छापे मारे गए, लेकिन (आप के) छह अन्य राज्यसभा सदस्यों के साथ उनके भाजपा में शामिल होने के बाद छापेमारी समाप्त हो गई और कुछ दिन बाद मित्तल को सम्मानित किया गया तथा उन्हें 'वाई' श्रेणी की सुरक्षा दे दी गई। फिर ईडी के मामले का क्या हुआ? इसका मतलब है कि ईडी का राजनीतिकरण हो रहा है।'' मान ने कहा कि अरोड़ा के खिलाफ ईडी की ''तथाकथित'' छापेमारी जारी है। उन्होंने कहा, ''एक महीने में यह दूसरी बार और एक साल में तीसरी बार है जब वे आए हैं, लेकिन पहले भी उन्हें कुछ नहीं मिला और अब भी कुछ नहीं मिलेगा। वे केवल यह संदेश देने आए हैं कि भाजपा में शामिल हो जाओ, वरना उनके कारोबार बंद कर दिए जाएंगे।''

मान ने आरोप लगाया कि भाजपा-नीत केंद्र सरकार अपने विरोधियों में इसी तरह डर पैदा कर काम करती है। उन्होंने कहा कि वे अन्य राज्यों में ऐसा कर सकते हैं, लेकिन पंजाब में उनकी यह रणनीति काम नहीं करेगी। उन्होंने कहा, ''मैं भाजपा, मोदी और अमित शाह को बहुत स्पष्ट रूप से बताना चाहता हूं कि यह पंजाब है, यह ऐसी धमकियों से डरने वाला नहीं है। मोदी को तीन कृषि कानूनों पर 'यू-टर्न' लेना पड़ा था और माफी मांगनी पड़ी थी। शायद मोदी अब भी उस दर्द को मन में रखे हुए हैं।''

इससे पहले मान ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा, ''आज फिर एक बार 'भाजपा की ईडी' अरोड़ा के घर पहुंची है। एक साल में यह तीसरी बार है, जब 'भाजपा की ईडी' उनके घर पहुंची है। और पिछले एक महीने में दूसरी बार। फिर भी उन्हें कुछ नहीं मिला।''

इससे पहले, मान ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, ''ईडी-भाजपा के इस अनैतिक गठजोड़ के अंत की शुरुआत पंजाब से होगी।'' उन्होंने कहा, ''मैं (प्रधानमंत्री नरेन्द्र) मोदी को बताना चाहता हूं कि पंजाब गुरुओं की धरती है, जिन्हें औरंगजेब भी नहीं झुका सका था। यह भगत सिंह की धरती है जो अंग्रेजों के सामने कभी नहीं झुके तो मोदी के इन हथकंडों के सामने पंजाब कभी नहीं झुकेगा। ईडी एवं भाजपा के इस अनैतिक गठबंधन का अंत पंजाब से ही होगा।'' 'आप' के कई अन्य नेताओं ने भी प्रवर्तन विभाग की छापेमारी को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना की।

पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने भाजपा-नीत केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि चुनाव से कुछ महीने पहले विपक्ष शासित राज्यों में राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने के लिए ईडी और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) जैसी केंद्रीय एजेंसियों को भेजना भाजपा की रणनीति है। चीमा ने आरोप लगाया कि वे ''मतदाता सूची से नाम हटवाने'' जैसी रणनीतियों का भी इस्तेमाल कर ''चुनाव लूटने'' की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा, ''लेकिन आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा दिए गए संविधान में विश्वास रखती है। हम संविधान और देश के लोकतंत्र को बचाएंगे।'' चीमा ने देश के स्वतंत्रता आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि इस देश में लोकतंत्र देखने के लिए पंजाब के लोगों ने सबसे अधिक बलिदान दिए। उन्होंने कहा, ''भाजपा चाहे जितने भी हमले करे, हम उनके सभी हमलों को नाकाम करेंगे।''

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement