कर्नाटक : वृहद बेंगलुरु प्राधिकरण चुनाव 14 से 24 जून के बीच होने की संभावना
बेंगलुरु, शुक्रवार, 08 मई 2026। कर्नाटक राज्य निर्वाचन आयुक्त (एसईसी) जी एस संगरेशी ने शुक्रवार को कहा कि वृहत् बेंगलुरु प्राधिकरण (जीबीए) के अंतर्गत आने वाले पांच नगर निगमों के चुनाव 14 से 24 जून के बीच कराये जाने की संभावना है। संगरेशी ने कहा कि चुनाव कार्यक्रम एक हफ्ते बाद घोषित किये जाएंगे। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि चुनाव स्थगित करने का अधिकार उच्चतम न्यायालय के पास है। न्यायालय ने कर्नाटक सरकार और राज्य निर्वाचन आयोग को 30 जून तक यह स्थानीय निकाय चुनाव कराने का निर्देश दिया था। जीबीए अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार, एसईसी ने प्राधिकरण के मुख्य आयुक्त और पांच नगर निगमों के आयुक्तों के साथ शुक्रवार को चुनाव कार्यक्रम के संबंध में एक परामर्श बैठक की।
संगरेशी ने कहा, ''बैठक के दौरान, मैंने जीबीए अधिकारियों को सूचित किया कि अब केवल चुनाव की तारीख तय करनी रह गई है, क्योंकि चुनाव कराने के लिए अन्य सभी उपाय और औपचारिकताएं पहले ही पूरी हो चुकी हैं।'' एसईसी ने बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा, ''मैंने उनसे कहा कि यह बैठक समय मांगने के लिए नहीं थी। न्यायालय के निर्देशानुसार, जीबीए के अंतर्गत आने वाली पांचों निगमों के चुनाव 30 जून से पहले होने चाहिए और अनुपालन रिपोर्ट न्यायालय को सौंपी जानी है। चुनाव स्थगित करने का अधिकार मुझे नहीं है।''
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि न्यायालय पहले ही ''अंतिम अवसर'' दे चुका है और राज्य निर्वाचन आयोग तथा सरकार दोनों को इसके निर्देशों का पालन करना होगा। उन्होंने जीबीए के अधिकारियों से 14 जून से 24 जून के बीच उपयुक्त तिथियां सुझाने को कहा। पूर्ववर्ती वृहत् बेंगलुरु महानगर पालिका (बीबीएमपी) का कार्यकाल 10 सितंबर 2020 को समाप्त हो गया था और तब से सरकार द्वारा नियुक्त एक प्रशासक इसके दैनिक कार्यों का प्रबंधन कर रहा है। बेंगलुरु को सितंबर 2025 में जीबीए के अंतर्गत पांच नगर निगमों - मध्यय, पूर्व, पश्चिम, उत्तर और दक्षिण - में विभाजित किया गया था, जिसने बीबीएमपी का स्थान लिया।
Similar Post
-
पूर्वी राजस्थान में भारी से अति भारी बारिश, सवाई माधोपुर के खंडार में 130 मिमी वर्षा
जयपुर, शुक्रवार, 04 सितंबर 2026। राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में ...
-
सूची से हटाए मतदातओं की जानकारी साझा की गई, बीएलए को पते नोट कर लेने चाहिए थे: सीईओ दिल्ली
नई दिल्ली, शुक्रवार, 04 सितंबर 2026। दिल्ली निर्वाचन कार्यालय न ...
-
खरगे ने जीएसएलवी-एफ17/ईओएस-05 मिशन की सफलता पर इसरो टीम को दी बधाई
नई दिल्ली, शुक्रवार, 04 सितंबर 2026। कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यस ...
