टीवीके से समर्थन के लिए अनुरोध मिला, जल्द फैसला करेंगे : थोल थिरुमावलवन
चेन्नई, गुरुवार, 07 मई 2026। विदुथलाई चिरुथिगल काची (वीसीके) के नेता थोल थिरुमावलवन ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी पार्टी को तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) की ओर से समर्थन का अनुरोध प्राप्त हुआ है और पार्टी की उच्चस्तरीय समिति इस पर जल्द निर्णय करेगी कि विजय नीत दल को सरकार गठन के लिए समर्थन दिया जाए या नहीं। तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा में टीवीके 108 सीटें जीतकर सबसे बड़े दल के रूप में उभरकर सामने आई है। विजय को अपने जीते हुए दो निर्वाचन क्षेत्रों में से एक सीट छोड़नी होगी। हालांकि कांग्रेस के पांच विधायकों ने टीवीके को समर्थन देने की घोषणा की है, लेकिन अभिनय से राजनीति में आए विजय की पार्टी अभी भी 118 के बहुमत के आंकड़े से काफी पीछे है।
चुनाव में दो सीट जीतने वाली वीसीके के नेता थिरुमावलवन ने यहां संवाददाताओं से कहा, ''हमें टीवीके का अनुरोध पत्र मिला है। इसके लिए हम उनके आभारी हैं। हमने विजय के अनुरोध को नजरअंदाज नहीं किया है। हमारी एक प्रक्रिया है। इसलिए हमारी पार्टी की उच्चस्तरीय समिति जल्द फैसला करेगी। हम इस बारे में चर्चा करेंगे कि हमारा जो भी रुख रहे, उसके क्या फायदे और नुकसान हो सकते हैं।'' उन्होंने राज्यपाल से आग्रह किया कि सबसे बड़े दल के रूप में उभरी टीवीके को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया जाए। थिरुमावलवन ने कहा, ''यह संवैधानिक अधिकार और जनता का जनादेश है।'' उन्होंने कहा कि राज्यपाल यह नहीं कह सकते कि विजय को अभी से 118 विधायकों का समर्थन दिखाना होगा। थिरुमावलवन ने कहा कि सरकार गठन के बाद विजय को विधानसभा में बहुमत साबित करना होगा।
Similar Post
-
मराठा आरक्षण आंदोलन के लिए मुंबई मार्च जरूर होगा : जरांगे
जालना, गुरुवार, 10 सितंबर 2026। मराठा आरक्षण आंदोलन के कार्यकर् ...
-
मानवाधिकार आयोग ने गुरुवायूर मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्थाओं पर रिपोर्ट मांगी
तिरुवनंतपुरम, गुरुवार, 10 सितंबर 2026। राष्ट्रीय मानवाधिकार आ ...
-
सीबीआई ने ठगी के मामले में फरार आरोपी को अमेरिका से प्रत्यर्पण के बाद गिरफ्तार किया
नई दिल्ली, गुरुवार, 10 सितंबर 2026। केंद्रीय अन्वेषण ब ...
