बिहार : अनियंत्रित कंटेनर की टक्कर से पांच की मौत
सासाराम, सोमवार, 04 मई 2026। रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र में आरा-मोहनियां राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-319 पर सोमवार तड़के एक अनियंत्रित कंटेनर की बस और पिकअप से टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई तथा दस अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान मठिया निवासी अशोक कुमार सिंह (45), पिंटू कुमार (35), रामेश्वर सिंह (38), काराकाट थाना क्षेत्र के मिश्रवालिया निवासी छोटू कुमार (20) तथा कैमूर जिले के भगवानपुर निवासी रामबरत सिंह (44) के रूप में हुई है। दिनारा थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र प्रसाद ने बताया कि सभी लोग चेनारी के लोधी गांव में अशोक कुमार सिंह की पुत्री का तिलक समारोह संपन्न कर लौट रहे थे। गांव के समीप बेलवैया मठिया मोड़ पर बस और पिकअप वैन खड़ी कर लोग उतर रहे थे और कुछ लोग सामान उतार रहे थे, तभी तेज रफ्तार से आ रहे अनियंत्रित कंटेनर ने दोनों वाहनों को टक्कर मार दी।
उन्होंने बताया कि हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब दस लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए दिनारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल लोगों को सदर अस्पताल सासाराम रेफर किया गया। दो घायलों को बेहतर उपचार के लिए वाराणसी भेजा गया है। पुलिस ने कंटेनर को जब्त कर लिया है। चालक घटना के बाद फरार हो गया जिसकी तलाश की जा रही है। सभी शवों को पोस्टमार्टम सदर अस्पताल सासाराम में कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। इस बीच, राज्य के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के आश्रितों को आपदा प्रबंधन विभाग से चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का निर्देश दिया है तथा प्रशासन को घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है।
Similar Post
-
न्यायालय अगस्ता वेस्टलैंड मामले में बिचौलिए जेम्स की याचिका पर सुनवाई को सहमत
नई दिल्ली, सोमवार, 04 मई 2026। उच्चतम न्यायालय ने 3,600 करोड़ रुपये ...
-
बिहार : अनियंत्रित कंटेनर की टक्कर से पांच की मौत
सासाराम, सोमवार, 04 मई 2026। रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र ...
-
विक्रमशिला सेतु का क्षतिग्रस्त हिस्सा तीन महीने में होगा तैयार
पटना/भागलपुर, सोमवार, 04 मई 2026। बिहार के भागलपुर जिले में गंगा ...
