असम भाजपा मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया, चुनावी रुझानों में राजग को बड़ी बढ़त
गुवाहाटी, सोमवार, 04 मई 2026। असम भाजपा मुख्यालय में सोमवार दोपहर को उत्सव का माहौल नजर आया जब पार्टी कार्यकर्ता जश्न मनाने लगे, क्योंकि सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) 126 विधानसभा क्षेत्रों में से 98 में आगे है। राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर बसिष्ठा स्थित वाजपेयी भवन में भगवा झंडे लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने ढोल बजाए, नृत्य किया और एक-दूसरे को गुलाल लगाया, साथ ही 'जॉय आई असम' और 'भारत माता की जय' के नारे भी लगाए। उन्होंने राज्य भाजपा मुख्यालय के सामने से गुजरने वाले लोगों को मिठाई भी बांटी।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, सत्तारूढ़ राजग असम में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की स्थिति में दिख रहा है, क्योंकि वह 98 विधानसभा क्षेत्रों में आगे है। सरकार बनाने के लिए बहुमत का आंकड़ा 64 है। असम भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने रुझान आने के बाद राज्य पार्टी कार्यालय में प्रार्थना की। भाजपा प्रवक्ता मीता नाथ बोरा ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया, "यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा द्वारा किए गए जनहितैषी कार्यों की जीत है। यह जनता की जीत है... आज मैं रो रहा हूं, लेकिन ये खुशी के आंसू हैं।"
भाजपा कार्यालय परिसर में 'नागरा नाम' की एक टीम को प्रस्तुति देने के लिए आमंत्रित किया गया था, और पार्टी कार्यकर्ता ढोल की थाप पर नाच रहे थे।'नागरा नाम' निचले असम की एक भक्तिमय लोक संगीत परंपरा है, जिसकी जड़ें श्रीमंत शंकरदेव और माधवदेव के नव-वैष्णव भक्ति आंदोलन से जुड़ी हैं। मुख्यालय को गुब्बारों और सजावटी लाइट से सुसज्जित करके एक भव्य समारोह के लिए तैयार किया जा रहा है। भाजपा के एक अधिकारी ने बताया कि जीतने वाले दल के अधिकतर उम्मीदवार जश्न में शामिल नहीं होंगे, क्योंकि वे अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में मौजूद हैं। गुवाहाटी और आसपास के इलाकों से आने वाले उम्मीदवार शाम को कार्यालय पहुंचेंगे।
Similar Post
-
केजरीवाल, सिसोदिया को आबकारी मामले में पीठ में बदलाव की जानकारी दे सीबीआई: अदालत
नई दिल्ली, मंगलवार, 19 मई 2026। दिल्ली उच्च न्यायालय ने मंगलवार ...
-
नर्मदा में दूध चढ़ाने की रस्म: एनजीटी ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्डों से जवाब मांगा
भोपाल, मंगलवार, 19 मई 2026। राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने मध् ...
-
आंध्र प्रदेश: नायडू ने 'मछुआरों के लिए सेवा' योजना के तहत 262 करोड़ रुपये वितरित किए
तुम्मालापेंटा (आंध्र प्रदेश), मंगलवार, 19 मई 2026। आंध्र प्रदेश ...
