लद्दाख के पांच नये जिलों के लिए उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों की नियुक्ति
लेह/जम्मू, मंगलवार, 28 अप्रैल 2026। लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने केंद्र-शासित प्रदेश के नवगठित पांच जिलों के लिए मंगलवार को उपायुक्तों (डीसी) और पुलिस अधीक्षकों (एसपी) की नियुक्ति को मंजूरी दे दी। यह कदम इन जिलों के गठन के एक दिन बाद उठाया गया। अधिकारियों ने बताया कि चांगथांग, नुब्रा, जंस्कार, शाम और द्रास में डीसी और एसपी के पदों पर नियुक्तियां प्रशासनिक कार्यों की तत्काल शुरुआत सुनिश्चित करने के लिए की गईं। उन्होंने कहा कि इस कदम का मकसद कानून-व्यवस्था को मजबूत करना और प्रशासन तक लोगों की पहुंच बढ़ाना है, खासकर दूरदराज के दुर्गम क्षेत्रों में। सरकारी आदेश के मुताबिक, नीतीश राजोरिया को चांगथांग का उपायुक्त, जबकि एसजेड अब्बास जाफरी को पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। इसमें कहा गया है कि मुकुल बेनीवाल और स्टैनजिन लोसाल क्रमश: नुब्रा के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक के रूप में सेवाएं देंगे।
सरकारी आदेश के अनुसार, ओंकार राजेंद्र गुंडागे और रिग्जेन संदुप को क्रमशः जंस्कार के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक के रूप में नियुक्त किया गया है। इसमें कहा गया है कि शाम के पुलिस उपायुक्त के रूप में कुंजेज आंग्मो की नियुक्ति की गई है, जबकि एजाज मलिक को जिले का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। सरकारी आदेश में कहा गया है कि इम्तियाज काचो द्रास के पुलिस उपायुक्त, जबकि इश्तियाक अहमद जिले के पुलिस अधीक्षक के रूप में सेवाएं देंगे।
इसमें कहा गया है कि लेह और करगिल के मौजूदा जिला प्रशासन संक्रमण काल के दौरान अपने वर्तमान अधिकारियों के साथ काम करते हुए नवगठित जिलों से समन्वय जारी रखेंगे। अधिकारियों के मुताबिक, उपराज्यपाल ने नवनियुक्त अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे बिना देरी किए अपने-अपने जिलों का कार्यभार संभालें और समावेशी विकास तथा लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए समर्पण भाव से काम करें। उपराज्यपाल ने कहा कि बाकी अधीनस्थ पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरा जाएगा और नये जिलों में प्रशासन का सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के लिए साजो -सामान संबंधी आवश्यकताओं को पूरा किया जाएगा।
Similar Post
-
मुझ पर, मंत्रिमंडल के सहयोगियों पर आईटी, ईडी की कार्रवाई को मोदी सरकार पर दबाव बनाया जा रहा: प्रियंक
बेंगलुरु, सोमवार, 02 नवम्बर 2026। कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियंक ...
-
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने किश्तवाड़ में भारत की 183वीं भूकंप वेधशाला का उद्घाटन किया
जम्मू, सोमवार, 02 नवम्बर 2026। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले क ...
-
रक्षा मंत्रालय ने आठ युद्धपोत खरीदने संबंधी 53,000 करोड़ रुपये से अधिक के अनुबंधों पर हस्ताक्षर किए
नई दिल्ली, सोमवार, 02 नवम्बर 2026। रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को ब ...
