जदयू विधायक दल के नेता का चयन करने की जिम्मेदारी नीतीश कुमार को सौंपी गई
पटना, सोमवार, 20 अप्रैल 2026। जनता दल यूनाइटेड (जदयू ) विधायक दल की बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को नेता चुनने की जिम्मेदारी एक मत से दी गई। कुमार ने सोमवार को बैठक में विधायक दल को संबोधित किया। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में जदयू के विधान परिषद सदस्य और मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा, "हमारे सर्वोच्च नेता ने कहा है कि संसद सत्र के दौरान की अवधि (जब दिल्ली में उनकी उपस्थिति आवश्यक होगी) को छोड़कर वह अपना अधिकतम समय बिहार में बिताएंगे।"
उन्होंने कहा, "नीतीश कुमार ने हमसे कहा कि उनके सत्ता में रहने के दौरान किए गए अच्छे कार्य नई सरकार में भी जारी रहें, जिसमें जदयू एक महत्वपूर्ण सहयोगी है। इन कार्यों पर नजर रखने के लिए वह समय आने पर राज्य का दौरा करेंगे।" जदयू प्रवक्ता से उन अटकलों के बारे में भी पूछा गया जिसमें कहा जा रहा है कि बैठक निशांत कुमार की भूमिका तय करने के लिए बुलाई गई थी। निशांत पिछले महीने जदयू में शामिल हुए थे, लेकिन उन्होंने सम्राट चौधरी सरकार में मंत्री पद स्वीकार करने से इनकार कर दिया था।
इस पर नीरज कुमार ने कहा, ''निशांत की भूमिका को लेकर कोई भ्रम नहीं है। उन्हें पार्टी ने भविष्य के नेता के रूप में स्वीकार किया है। वैसे भी आज की बैठक में उन पर कोई चर्चा नहीं हुई।" उन्होंने यह भी कहा कि विधायकों ने नीतीश कुमार को विधायक दल का नेता चुनने के लिए अधिकृत किया है। बैठक में केंद्रीय मंत्री और जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह तथा उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव भी मौजूद थे।
Similar Post
-
जौहर विश्वविद्यालय को ध्वस्त करना छात्रों के साथ बड़ा अन्याय होगा : महबूबा मुफ्ती
श्रीनगर, सोमवार, 20 जुलाई 2026। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीड ...
-
युवा कांग्रेस नेता ने पूर्वोत्तर में महंगे हवाई किरायों, सीमित प्रतिस्पर्धा का मुद्दा उठाया
ईटानगर, सोमवार, 20 जुलाई 2026। पूर्वोत्तर क्षेत्र में हवाई किरा ...
-
कॉजपा के संसद मार्च के समर्थन में नागपुर में प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
नागपुर, सोमवार, 20 जुलाई 2026। कार्यकर्ता सोनम वांगचुक और कॉकरो ...
