चार संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार, टॉय कार का इस्तेमाल कर हमले की थी साजिश

img

नई दिल्ली, शनिवार, 18 अप्रैल 2026। दिल्ली पुलिस ने महाराष्ट्र, ओडिशा और बिहार से चार 'कट्टरपंथी' लोगों को गिरफ्तार किया है जिन्होंने कथित तौर पर आतंकी गतिविधियों की साजिश रची थी, कुछ संवेदनशील जगहों को निशाना बनाने के लिए उनकी रेकी की थी और 'एन्क्रिप्टेड' ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए अन्य लोगों को भर्ती करने की कोशिश कर रहे थे। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि अभियान के दौरान एक 'इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस' (आईईडी) और उससे जुड़ा सामान जब्त किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि दो आरोपी भीड़भाड़ वाली जगहों को निशाना बनाने के लिए आईईडी युक्त रिमोट संचालित टॉय कार को तैयार कर रहे थे।

अधिकारियों ने बताया कि विशेष प्रकोष्ठ ने एक समन्वित, खुफिया तंत्र नीत अभियान में महाराष्ट्र से दो और ओडिशा तथा बिहार से एक-एक आरोपी को पकड़ा। पुलिस ने आरोप लगाया कि चारों खिलाफत स्थापित करने के विचार के इर्द-गिर्द केंद्रित चरमपंथी विचारधारा से प्रभावित थे और 'ग़जवा-ए-हिंद' जैसी धारणा को बढ़ावा दे रहे थे। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ''वे कथित तौर पर काले झंडे लेकर चलने वाले 'खुरासान के लश्कर' की अवधारणा से भी प्रेरित थे, जिसका इस्तेमाल उन्होंने दूसरों को कट्टरपंथी बनाने के अपने दुष्प्रचार के हिस्से के तौर पर किया।'' उन्होंने कहा कि आरोपी बंद और 'एन्क्रिप्टेड' सोशल मीडिया समूहों पर सक्रिय थे, जहां जिहाद, कट्टरपंथी सोच और हथियारों से जुड़ी सामग्री साझा की जाती थी। इन मंचों का इस्तेमाल कथित तौर पर नए सदस्यों की पहचान करने, और भर्ती करने के लिए किया जाता था।

जांच से पता चला कि आरोपियों में से एक दिसंबर 2025 में दिल्ली आया था और उसने लाल किला और इंडिया गेट समेत खास जगहों की रेकी की थी। जांचकर्ताओं ने कहा कि इस मॉड्यूल ने अयोध्या में राम मंदिर, संसद भवन और कुछ सैन्य प्रतिष्ठानों जैसे महत्वपूर्ण स्थानों पर संभावित हमलों पर भी चर्चा की थी। अधिकारी ने कहा, ''चारों आरोपी -- मोसैब अहमद, मोहम्मद हम्माद, मोहम्मद सोहेल और शेख इमरान -- निम्न सामाजिक-आर्थिक पृष्ठभूमि से हैं।''

मोसैब अहमद मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ का रहने वाला है और उसने 10वीं कक्षा तक पढ़ाई की है। उसने भारत में और सऊदी अरब तथा कतर जैसे देशों में वेल्डर, ऑटो मैकेनिक और ऑटो इलेक्ट्रीशियन सहित कई तरह के काम किए। फिलहाल, वह ठाणे में एक निजी ऑटोमोबाइल वर्कशॉप में काम कर रहा था। मोहम्मद हम्माद मुंबई का रहने वाला है। वह पत्राचार से 12वीं की पढ़ाई कर रहा है। शेख इमरान का जन्म ओडिशा के भुवनेश्वर में एक निचले तबके के घर में हुआ था। उसने 10वीं तक पढ़ाई की और उसके बाद सुरक्षा गार्ड और डिलीवरी ब्वॉय के तौर पर काम किया। मोहम्मद सोहेल बिहार के कटिहार का रहने वाला है। वह पेशे से प्लंबर है। उसने 10वीं क्लास तक पढ़ाई की है।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement