तृणमूल के अलावा किसी भी अन्य पार्टी को वोट देना भाजपा को वोट देने के बराबर : अभिषेक बनर्जी
मुर्शिदाबाद, शनिवार, 18 अप्रैल 2026। तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी ने शनिवार को यहां एक चुनावी रैली में कहा कि तृणमूल के अलावा किसी भी पार्टी को वोट देना भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को वोट देने के बराबर है। मुर्शिदाबाद, ऐतिहासिक रूप से कांग्रेस का मजबूत गढ़ रहा है। उन्होंने फरक्का में रोड शो के बाद एक सभा को संबोधित करते हुए दावा किया कि जहां भाजपा 'कांग्रेस को तोड़ रही है, वहीं तृणमूल 'जमीनी स्तर पर भाजपा के प्रभाव को कम कर रही है'। बनर्जी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए दावा किया कि पिछले दो वर्षों में कांग्रेस का कोई भी सांसद या प्रतिनिधि जनता की मांगों को पूरा करने के लिए उनके साथ खड़ा नहीं हुआ। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस, आम जनता उन्नयन पार्टी के संस्थापक हुमायूं कबीर और केंद्रीय एजेंसियां, भाजपा की 'तीन एजेंसियां' हैं, जो इस क्षेत्र में सक्रिय हैं। तृणमूल नेता ने कहा कि जहां गरीब और अल्पसंख्यक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने के प्रयास किए जा रहे हैं, वहीं विपक्षी दल 'समुदाय की भावनाओं से खिलवाड़' कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, "मैं हिंदुओं, मुसलमानों, सिखों और ईसाइयों से आग्रह करता हूं कि वे गुमराह न हों। जो लोग आपको बांटने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें मतदान के दिन मुंहतोड़ जवाब देना होगा। अगर आप भाजपा को हराना चाहते हैं, तो एकमात्र तरीका तृणमूल को वोट देना है।" बनर्जी ने भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) द्वारा 2029 में संसद में महिलाओं को आरक्षण देने वाले संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने में विफल रहने को लेकर आरोप लगाया कि केंद्र सरकार परिसीमन प्रक्रिया को 'हमारे देश को विभाजित करने' के उद्देश्य से लागू कर रही है। उन्होंने कहा, "हम संविधान में किसी भी प्रकार का जबरदस्ती परिवर्तन नहीं होने देंगे।"
असम में एनआरसी प्रक्रिया के जरिए लाखों अल्पसंख्यकों के साथ-साथ हिंदुओं को भी हिरासत केंद्रों में भेजे जाने का दावा करते हुए, बनर्जी ने कहा, 'हमने 2020 में कहा था कि बंगाल में एनआरसी की अनुमति नहीं दी जाएगी, और हम उस पर कायम हैं। जब तक ममता बनर्जी यहाँ हैं, लोगों को कतार में खड़े होकर अपनी नागरिकता साबित करने के लिए मजबूर नहीं किया जाएगा।'' तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव ने मतदाताओं से चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक सतर्क रहने का आग्रह किया। विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 23 अप्रैल को मुर्शिदाबाद में मतदान होगा।
Similar Post
-
केजरीवाल, सिसोदिया को आबकारी मामले में पीठ में बदलाव की जानकारी दे सीबीआई: अदालत
नई दिल्ली, मंगलवार, 19 मई 2026। दिल्ली उच्च न्यायालय ने मंगलवार ...
-
नर्मदा में दूध चढ़ाने की रस्म: एनजीटी ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्डों से जवाब मांगा
भोपाल, मंगलवार, 19 मई 2026। राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने मध् ...
-
आंध्र प्रदेश: नायडू ने 'मछुआरों के लिए सेवा' योजना के तहत 262 करोड़ रुपये वितरित किए
तुम्मालापेंटा (आंध्र प्रदेश), मंगलवार, 19 मई 2026। आंध्र प्रदेश ...
