महाराष्ट्र विधान परिषद की नौ सीट के लिए चुनाव 12 मई को होंगे: निर्वाचन आयोग
मुंबई, गुरुवार, 16 अप्रैल 2026। भारत निर्वाचन आयोग ने बृहस्पतिवार को घोषणा की कि महाराष्ट्र विधान परिषद (एमएलसी) की नौ सीट के लिए द्विवार्षिक चुनाव 12 मई को होंगे। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी एक प्रेस नोट के अनुसार, नौ सदस्यों का कार्यकाल 13 मई, 2026 को समाप्त होने वाला है जिसके कारण चुनाव कराना आवश्यक हो गया है। सेवानिवृत्त होने वाले विधान परिषद के सदस्यों में संजय किशनराव केणेकर, नीलम दिवाकर गोरहे, उद्धव ठाकरे, संदीप दिवाकर जोशी, दादाराव यादवराव केचे, अमोल रामकृष्ण मिटकरी, रणजीतसिंह विजयसिंह मोहिते-पाटिल, राजेश धोंडीराम राठौड़ और शशिकांत जयवंतराव शिंदे शामिल हैं।
आयोग ने कहा कि चुनाव के लिए अधिसूचना 23 अप्रैल को जारी की जाएगी, जबकि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 30 अप्रैल है। निर्वाचन आयोग ने कहा कि नामांकन पत्रों की जांच दो मई को होगी और उम्मीदवारी वापस लेने की अंतिम तिथि चार मई तय की गई है। आयोग के अनुसार यदि आवश्यकता हुई तो 12 मई को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे के बीच मतदान होगा, जिसके बाद उसी दिन शाम पांच बजे मतों की गिनती होगी। महाराष्ट्र में विधान परिषद के 78 सदस्यों में से कुछ का चुनाव एक निर्वाचक मंडल द्वारा किया जाता है, जिसमें विधानसभा के सदस्य शामिल होते हैं। मई में होने वाले नौ उम्मीदवारों का चुनाव विधायकों द्वारा किया जाएगा। राज्य विधानसभा में 288 सदस्य हैं।
Similar Post
-
चमोली सुरंग हादसे में सात लोगों की मौत, तीन लापता लोगों की तलाश जारी
गोपेश्वर (उत्तराखंड), शुक्रवार, 14 अगस्त 2026। उत्तराखंड के चमो ...
-
मुख्यमंत्री उमर ने जम्मू कश्मीर के नदी जल पर दावे को लेकर पाकिस्तान को आड़े हाथ लिया
श्रीनगर, शुक्रवार, 14 अगस्त 2026। जम्मू कश्मीर के नदी जल पर दावा ...
-
कोयले की मांग 2030 तक 1.6 अरब टन तक पहुंचने का अनुमान : सचिव
मुंबई, शुक्रवार, 14 अगस्त 2026। केंद्रीय कोयला सचिव विक्रम देव ...
