अनिल कपूर का शो '24' जियोहॉटस्टार पर होगा रिलीज
अभिनेता अनिल कपूर का शो '24' ओटीटी मंच जियोहॉटस्टार पर वापसी करने जा रहा है। यह शो एक अमेरिकी सीरीज का रूपांतरण है। एक्शन से भरपूर इस रोमांचक शो के दोनों ही सीजन भारत में 'कलर्स टीवी' पर प्रसारित हो चुके हैं। इसका पहला सीजन 2013 में शुरू हुआ था जबकि दूसरा सीजन 2016 में आया था। इस शो को अपनी दमदार कहानी और कलाकारों के शानदार अभिनय के लिए खूब सराहना मिली थी। इसका निर्देशन अभिनय देव ने किया था और इसकी पटकथा रेंसिल डी सिल्वा ने लिखी थी। यह शो आतंकवाद निरोधी इकाई (एटीयू) के प्रमुख जय सिंह राठौड़ (कपूर) की कहानी बताती है, जो 24 घंटों के दौरान ड्यूटी के समय आने वाली चुनौतियों का सामना करते हैं। शो की वापसी को लेकर अपना उत्साह व्यक्त करते हुए अनिल कपूर (69) ने कहा कि प्रशंसकों द्वारा एक बार फिर से इस रोमांच का अनुभव करने का वह बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
कपूर ने एक बयान में कहा, ''मैंने पिछले कई वर्षों में दमदार और एक्शन से भरपूर कुछ भूमिकाएं निभाई हैं, लेकिन '24' मेरे लिए सिर्फ एक शो नहीं था, बल्कि यह एक ऐसा रोमांच था जिसका कोई मुकाबला नहीं।'' शो के निर्माताओं ने अभी तक '24' के नये सीजन के बारे में कोई अहम जानकारी साझा नहीं की है। कपूर ने 2010-2011 में प्रसारित हुई अमेरिकी सीरीज '24' के आठवें सीजन में काम करने के बाद इसी नाम से शो को भारतीय टेलीविजन के लिए बनाया था। ओटीटी मंच एक ऐसा डिजिटल माध्यम है, जहां फिल्में, वेब सीरीज और वीडियो बिना डाउनलोड किए इंटरनेट के जरिए आसानी से देखे जा सकते हैं।
Similar Post
-
अनिल कपूर का शो '24' जियोहॉटस्टार पर होगा रिलीज
अभिनेता अनिल कपूर का शो '24' ओटीटी मंच जियोहॉटस्टार पर वापसी करने ज ...
-
‘राजा शिवाजी’ का नया पोस्टर रिलीज़
जियो स्टूडियोज और मुंबई फिल्म कंपनी ने अपनी फिल्म ‘राजा शिवाजी’ ...
-
अभिनेता रजनीकांत, कमल हासन और सूर्या ने फिल्म 'जन नायकन' के लीक होने की कड़ी आलोचना की
अभिनेता रजनीकांत, कमल हासन और सूर्या ने बहुप्रतीक्षित राजनीतिक फि ...
