भाजपा ने निर्वाचन आयोग की मदद से भवानीपुर में मेरी उम्मीदवारी रद्द कराने की कोशिश की : ममता
कोलकाता, शनिवार, 11 अप्रैल 2026। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उनके खिलाफ झूठे मामले दर्ज कराने की कोशिश कर निर्वाचन आयोग की मदद से दक्षिण कोलकाता की भवानीपुर सीट से उनकी उम्मीदवारी रद्द कराने का प्रयास किया लेकिन तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने उसकी यह कोशिश विफल कर दी। बनर्जी ने पश्चिम मेदिनीपुर जिले के केशियारी में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए भाजपा पर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान मतदाता सूची से 90 लाख मतदाताओं के नाम ''जबरन'' हटाने का आरोप भी लगाया।
बनर्जी के सामने अपनी भवानीपुर सीट बरकरार रखने के लिए विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी की चुनौती है। बनर्जी ने विस्तार से बताए बिना कहा, ''भाजपा ने निर्वाचन आयोग की मदद से मेरे खिलाफ झूठे मामले दर्ज कराने की कोशिश कर भवानीपुर से मेरी उम्मीदवारी रद्द कराने का प्रयास किया लेकिन हमने उसकी साजिश नाकाम कर दी।'' उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि उसमें ''लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव लड़ने और जीतने का साहस नहीं है, इसलिए वह फर्जी तरीकों से जबरन वोट कब्जाने की साजिश रच रही है।'' बनर्जी ने कहा, ''इसीलिए वे मतदाताओं के नाम हटा रहे हैं। वे परिणाम अपने पक्ष में करने के लिए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में भी छेड़छाड़ की योजना बना रहे हैं।'' मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा चुनावों में भाजपा की करारी हार और बाद में दिल्ली में उसके सत्ता से बेदखल होने के बाद न्याय देर-सवेर अवश्य मिलेगा।
उन्होंने कहा, ''एसआईआर प्रक्रिया के कारण 250 से अधिक लोगों की मौत हो गई है। हटाए गए 90 लाख मतदाताओं में 60 लाख हिंदू और 30 लाख मुस्लिम हैं... क्या बांग्ला बोलने से हम भारतीय नहीं रह जाते? क्या हमें बार-बार अपनी नागरिकता साबित करने की जरूरत है?'' पश्चिम बंगाल में सत्ता में आने पर समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने के भाजपा के वादे पर बनर्जी ने कहा कि पार्टी यूसीसी के जरिए लोगों पर अपना फरमान थोपना चाहती है। उन्होंने कहा, ''यह पिछड़े समुदायों के खिलाफ होगा और इसका उद्देश्य लोगों के लोकतांत्रिक अधिकार छीनना है। हम पश्चिम बंगाल में इसे लागू नहीं होने देंगे। राज्य में हमारी लगातार चौथी जीत के बाद जब भाजपा अंतत: दिल्ली की सत्ता से हटा दी जाएगी तो हम इसे रद्द कर देंगे।''
Similar Post
-
नीट प्रदर्शनकारियों के खिलाफ एफआईआर सुप्रीम कोर्ट ने की रद्द; कॉकरोच जनता पार्टी ने 5 सितंबर का मार्च टाला
नई दिल्ली, मंगलवार, 01 सितंबर 2026। उच्चतम न्यायालय ने मेडिकल प ...
-
दिल्ली सरकार 2.30 लाख घरों की छतों पर मुफ्त में सौर पैनल लगाएगी
नई दिल्ली, मंगलवार, 01 सितंबर 2026। दिल्ली सरकार ने दिल्ली सौर ऊ ...
-
दि्ल्ली एसआईआर: अल्पसंख्यक बहुल व आरक्षित सीटों पर 20-45 फीसदी नाम प्रारूप सूची से हटाए गए
नई दिल्ली, मंगलवार, 01 सितंबर 2026। दिल्ली में विशेष गहन पुनरीक ...
