द्रमुक का घोषणापत्र '2026 चुनाव का सुपरस्टार' है : मुख्यमंत्री स्टालिन
विरुधुनगर (तमिलनाडु), रविवार, 05 अप्रैल 2026। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने रविवार को द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के चुनाव घोषणापत्र को ''2026 के चुनाव का सुपरस्टार'' बताते हुए कहा कि वादे तो कोई भी कर सकता है, लेकिन जनता भरोसा सिर्फ उनकी पार्टी के वादों पर करती है। यहां धर्मनिरपेक्ष प्रगतिशील गठबंधन (एसपीए) की एक बड़ी जनसभा को संबोधित करते हुए द्रमुक अध्यक्ष स्टालिन ने कहा, ''छह से 60 वर्ष की आयु तक महिलाओं से लेकर पुरुषों तक, युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक- हर कोई द्रमुक के चुनावी घोषणापत्र को पसंद करता है। ऐसा कोई हो ही नहीं सकता जो इसे नापसंद करे।''
उन्होंने यहां एकत्रित लोगों से कहा, ''मैंने इसे 2026 के चुनाव के सुपरस्टार के रूप में पेश किया है।'' मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि किसी वादे की विश्वसनीयता इस बात पर निर्भर करती है कि उसे कौन करता है। उन्होंने कहा, ''लोग केवल द्रमुक के वादे पर ही विश्वास करते हैं। बाकी लोग जो भी कहें, उसका कोई महत्व नहीं है।'' स्टालिन ने कई ''सुपरस्टार'' वादों का विस्तृत वर्णन किया, जिनमें सबसे उल्लेखनीय 'इल्लाथरासी' (गृहिणी) योजना है। उन्होंने इसे एक ''उत्कृष्ट घोषणा'' बताया, जिसमें महिलाओं को घरेलू उपकरण खरीदने के लिए 8,000 रुपये का कूपन दिया जाएगा।
उन्होंने कहा, ''जहां तक मुझे पता है इस योजना से हमारे परिवार मुखियाओं के घरेलू काम का बोझ काफी कम हो जाएगा। यही इस योजना का मुख्य उद्देश्य है।'' उन्होंने यह भी कहा कि महिलाएं अपनी पसंद की किसी भी दुकान से वॉशिंग मशीन, फ्रिज से लेकर माइक्रो-ओवन तक खरीद सकती हैं।
मुख्यमंत्री ने 'मगलिर उरिमई थोगई' योजना के तहत मिलने वाली मासिक सहायता राशि को 1,000 रुपये से बढ़ाकर 2,000 रुपये करने का भी वादा किया। स्टालिन ने विपक्ष पर तीखा हमला करते हुए आगामी चुनाव को ''तमिलनाडु टीम'' और ''दिल्ली टीम'' के बीच की लड़ाई बताया। उन्होंने अन्नाद्रमुक के महासचिव एडप्पाडी के. पलानीस्वामी पर तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि उनका पूरा चुनाव अभियान "झूठ एवं निम्न स्तर की बातों'' पर आधारित है। मुख्यमंत्री ने पलानीस्वामी को ''झूठा'' और "विश्वासघात का प्रतीक'' बताया।
स्टालिन ने आरोप लगाया, ''अगर विश्वासघात को कोई नाम दिया जाए तो वह पलानीस्वामी है।'' उन्होंने दावा किया कि पूर्व मुख्यमंत्री ने अपनी ही पार्टी में जे. जयललिता से लेकर वी के शशिकला और ओ. पनीरसेल्वम तक सभी के साथ विश्वासघात किया है। मुख्यमंत्री ने पलानीस्वामी के इस आरोप का भी जवाब दिया कि द्रमुक ने सरकारी कर्मचारियों को ''धोखा'' दिया है। उन्होंने कहा, ''अगर हमने उन्हें धोखा दिया होता, तो क्या सरकारी कर्मचारी संघ के पदाधिकारी फोर्ट में मुझसे मिलने आते, धन्यवाद देते और मुझे मिठाई खिलाते?''
उन्होंने आरोप लगाया कि पलानीस्वामी द्रमुक की कल्याणकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन से पैदा हुई ''असहनीय निराशा'' के कारण ऐसे बयान दे रहे हैं। स्टालिन ने चेतावनी दी कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का मुख्य उद्देश्य ''तमिलनाडु के विकास को रोकना'' है। उन्होंने मतदाताओं से विरुधुनगर, शिवकाशी और अरुप्पुकोट्टई विधानसभा क्षेत्रों में एसपीए उम्मीदवारों का समर्थन करने की अपील की, ताकि ''द्रविड़ मॉडल'' की शासन व्यवस्था जारी रह सके। उन्होंने वादा किया, ''हम 'द्रविड़ मॉडल 2.0 शासन में अपने ही रिकॉर्ड तोड़ते हुए सरकार चलाएंगे।'' तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव 23 अप्रैल को होगा।
Similar Post
-
राम मंदिर और अन्य स्थानों पर भ्रष्टाचार के आरोपों की गहन जांच क्यों नहीं की गई : सुले
नासिक, शनिवार, 11 जुलाई 2026। राकांपा (शरदचंद्र पवार) की कार्यका ...
-
राममंदिर में चढ़ावे की 'चोरी' महापाप है, उसकी शीर्ष अदालत की निगरानी में जांच हो: कन्हैया कुमार
मुंबई, शनिवार, 11 जुलाई 2026। कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने अय ...
-
राम मंदिर चढ़ावा चोरी: कांग्रेस की हिमाचल प्रदेश इकाई ने न्यायिक जांच कराने की मांग की
शिमला, शनिवार, 11 जुलाई 2026। कांग्रेस की हिमाचल प्रदेश इकाई ने ...
