उदयनिधि स्टालिन ने चेपॉक-थिरुवल्लिकेनी से नामांकन दाखिल किया
चेन्नई, गुरुवार, 02 अप्रैल 2026। द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) की युवा शाखा के सचिव उदयनिधि स्टालिन ने चेपॉक-थिरुवल्लिकेनी विधानसभा क्षेत्र से बृहस्पतिवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। द्रमुक के 48 वर्षीय नेता उदयनिधि एक विशाल रोड शो के बाद कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। रोड शो के दौरान पार्टी के हजारों कार्यकर्ता और समर्थक सड़कों पर मौजूद थे। वह चेपॉक-थिरुवल्लिकेनी से मौजूदा विधायक हैं और 23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए फिर से इस सीट से मैदान में हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और स्थानीय पदाधिकारियों के साथ, उदयनिधि ने दोपहर को निर्वाचन अधिकारी को अपने दस्तावेज सौंपे। नामांकन दाखिल करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए उपमुख्यमंत्री ने 'द्रविड़ शासन प्रणाली' पर पूरा भरोसा जताया।
उन्होंने कहा, "इस बार हमारी जीत निश्चित है। खासकर महिलाएं हमारे नेता एम. के. स्टालिन द्वारा पिछले पांच वर्षों में किए गए परिवर्तनकारी कार्यों से बेहद खुश हैं। चेपॉक-थिरुवल्लिकेनी मेरा गृह क्षेत्र है और आज मिले भारी समर्थन से हमारी जीत निश्चित है। मैं आज शाम अपने निर्वाचन क्षेत्र में चुनाव प्रचार करूंगा।" उन्होंने केंद्र की नीतियों को "थोपने" के खिलाफ पार्टी के रुख को भी दोहराया और 2026 के चुनाव को "तमिलनाडु के आत्मसम्मान और अधिकारों की रक्षा" की लड़ाई के रूप में पेश किया। चेपॉक-थिरुवल्लिकेनी सीट पारंपरिक रूप से द्रमुक का गढ़ रही है और कभी दिवंगत एम. करुणानिधि इसका प्रतिनिधित्व करते थे। इस सीट पर एक हाई-प्रोफाइल मुकाबला देखने को मिलने वाला है। उदयनिधि से पहले मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने इस सप्ताह की शुरुआत में कोलाथुर सीट से नामांकन दाखिल किया था। तमिलनाडु विधानसभा की 234 सीटों के लिए एक ही चरण में 23 अप्रैल को चुनाव होंगे।
Similar Post
-
शिवकुमार ने प्रदर्शनकारी आशा कार्यकर्ताओं से जापान से वीडियो कॉल पर बात की, प्रदर्शन खत्म करने की अपील की
बेंगलुरु, मंगलवार, 24 नवम्बर 2026। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. क ...
-
केरल सरकार में यूडीएफ के सभी दलों की है भागीदारी; मैं किसी भी गुट का हिस्सा नहीं: थरूर
तिरूवनंतपुरम, मंगलवार, 24 नवम्बर 2026। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ...
-
कॉजपा न तो आगामी उप्र विधानसभा चुनाव लड़ेगी, न किसी पार्टी को समर्थन देगी: दीपके
छत्रपति संभाजीनगर, मंगलवार, 24 नवम्बर 2026। कॉकरोच जनता पार्टी ...
